Giridih News: सदर प्रखंड के मिर्जाडीह और बजटो के बीच बराकर नदी किनारे स्थित साल जंगल में इन दिनों जंगली हाथियों का झुंड विचरण कर रहा है.
हाथियों की मौजूदगी की सूचना मिलते ही वन विभाग सतर्क हो गया है और उनकी गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है. क्षेत्र में हाथियों की गतिविधि का ड्रोन फुटेज भी सामने आया है.
इसे भी पढ़ें:
हाथियों के झुंड की सटीक स्थिति और संभावित दिशा जानने के लिए गिरिडीह पूर्वी वन प्रमंडल की टीम ड्रोन कैमरे का सहारा ले रही है. जंगल के भीतर ड्रोन से निगरानी कर यह पता लगाया जा रहा है कि झुंड आबादी वाले क्षेत्रों की ओर तो नहीं बढ़ रहा है, ताकि ग्रामीणों को समय रहते अलर्ट किया जा सके.
वन विभाग ने जंगल से सटे गांवों के लोगों से अपील की है कि वे हाथियों के पास न जाएं और उन्हें छेड़ने, उकसाने अथवा फोटो-वीडियो बनाने की कोशिश न करें.
विभाग ने लोगों से हाथियों की गतिविधि की सूचना तत्काल वनकर्मियों को देने तथा विशेष सावधानी बरतने को कहा है.
वन विभाग का कहना है कि ग्रामीणों के सहयोग और सतर्कता से मानव-हाथी संघर्ष की आशंका को कम किया जा सकता है. आसपास के इलाकों में पूर्व में भी हाथियों की आवाजाही को देखते हुए विभाग लगातार निगरानी और चेतावनी व्यवस्था पर जोर दे रहा है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

