Dhanbad News : रांची से हावड़ा जा रही शताब्दी एक्सप्रेस में शनिवार को उस समय हंगामा मच गया, जब नशे की हालत में एक यात्री ने कोच में अन्य यात्रियों के साथ कथित तौर पर बदसलूकी शुरू कर दी.
इस खबर की सूचना मिलने के बाद ट्रेन की एस्कॉर्ट टीम ने यात्री को हिरासत में लिया और धनबाद स्टेशन पर जीआरपी के हवाले कर दिया.पकड़े गए यात्री की पहचान बिहार के भोजपुर निवासी पृथ्वी नाथ ठाकुर के रूप में हुई है. वह पुलिस विभाग का जवान बताया जा रहा है.
जानकारी के अनुसार ट्रेन के बोकारो से धनबाद की ओर रवाना होने के बाद चंद्रपुरा स्टेशन के पास शताब्दी एक्सप्रेस के सी-7 कोच में एक यात्री द्वारा हंगामा करने की शिकायत एस्कॉर्ट टीम को मिली. सूचना मिलते ही टीम कोच में पहुंची और यात्री को अपने कब्जे में ले लिया.
थैले से बरामद हुईं शराब की पांच बोतलें
एस्कॉर्ट टीम ने यात्री की तलाशी ली तो उसके पास मौजूद थैले से शराब की पांच बोतलें बरामद हुईं. इसके बाद ट्रेन के धनबाद जंक्शन पहुंचते ही यात्री को जीआरपी के सुपुर्द कर दिया गया.
इस में एस्कॉर्ट टीम के प्रभारी प्रधान आरक्षी मुकेश आनंद कुमार राय ने जीआरपी थाने में लिखित शिकायत दी है. जीआरपी ने मामले की जांच शुरू कर दी है और बरामद शराब तथा यात्री के संबंध में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

