Khunti: अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में मनाए जा रहे राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस के अवसर पर एबीवीपी खूंटी इकाई ने बुधवार को एक दिवसीय हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन किया.
प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों व युवाओं में खेल भावना, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को बढ़ावा देना था. प्रतियोगिता में विभिन्न टीमों के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन किया.
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एबीवीपी झारखंड प्रदेश मंत्री प्रकाश टुटी ने कहा कि राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस विद्यार्थियों की शक्ति, दायित्व और राष्ट्र निर्माण के संकल्प का प्रतीक है. उन्होंने कहा कि एबीवीपी अपनी स्थापना से ही शिक्षा के साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास के लिए कार्य करती रही है.
खेल अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और संघर्षशीलता का विकास करते हैं. उन्होंने कहा कि झारखंड की पहचान हॉकी और खेल प्रतिभाओं से रही है तथा परिषद का प्रयास है कि अधिक से अधिक युवा शिक्षा और खेल दोनों क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करें.
विशिष्ट अतिथि बिरसा कॉलेज, खूंटी के निवर्तमान प्रभारी प्राचार्य डॉ. चंद्र किशोर भगत ने कहा कि शिक्षा के साथ खेल भी विद्यार्थियों के जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं. खेल मानसिक व शारीरिक विकास के साथ सकारात्मक सोच और टीम भावना का भी निर्माण करते हैं. उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित रूप से खेल गतिविधियों में भाग लेने का आह्वान किया.
इस अवसर पर खेल प्रमुख राजकुमार गुप्ता, जिला संयोजक हिरंजली हेमरोम, हॉकी कोच अमित सौरभ एक्का एवं अतुल ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेलों में अनुशासन, समर्पण और निरंतर अभ्यास के महत्व पर प्रकाश डाला.
रोमांचक फाइनल मुकाबले में हॉकी खूंटी की टीम ने कामनता खूंटी को 2-0 से हराकर प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया. प्रतियोगिता के समापन पर विजेता और उपविजेता टीमों को सम्मानित किया गया. वहीं, उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए जॉन टोपनो को 'बेस्ट प्लेयर' का पुरस्कार प्रदान किया गया.
कार्यक्रम के अंत में एबीवीपी खूंटी इकाई ने सभी खिलाड़ियों, अतिथियों, प्रशिक्षकों, कार्यकर्ताओं व नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया. परिषद ने कहा कि भविष्य में भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा, खेल, व्यक्तित्व निर्माण और राष्ट्रहित से जुड़े रचनात्मक कार्यक्रमों का आयोजन जारी रहेगा.
कार्यक्रम के सफल आयोजन में मधुवा मुंडा, सुखराम हेमरोम, रजनी संगा, करुणा व मंजन हेमरोम सहित एबीवीपी के कई कार्यकर्ताओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में विद्यार्थी, खिलाड़ी, खेल प्रेमी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे.


Leave a Comment