Ranchi News: राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने सामाजिक संस्थाओं से ग्रामीण और सुदूर इलाकों में पहुंच बढ़ाने की अपील की है. उन्होंने कहा कि संस्थाएं गांवों को गोद लेकर शिक्षा, स्वास्थ्य और विकास से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाएं. समाज की समृद्धि केवल आर्थिक संपन्नता से नहीं, बल्कि जरूरतमंदों के प्रति संवेदनशीलता और सेवा भावना से भी तय होती है.
राज्यपाल शुक्रवार को महाराजा अग्रसेन भवन में अग्रवाल सभा के स्थापना दिवस समारोह को संबोधित कर रहे थे. उन्होंने अग्रवाल सभा की पांच दशक की सामाजिक यात्रा की सराहना की. कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में संस्था लंबे समय से योगदान दे रही है. इस सेवा परंपरा को समाज के कमजोर और वंचित वर्गों तक और व्यापक करने की जरूरत है.
इसे भी पढ़ें -
उन्होंने दहेज प्रथा जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया. कहा कि दहेज मुक्त और सामूहिक विवाह को बढ़ावा देना सामाजिक बदलाव की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है. विवाह में अनावश्यक खर्च से बचने की जरूरत है. युवाओं को दहेज नहीं लेने और नहीं देने का संकल्प लेना चाहिए.
राज्यपाल ने कहा कि किसी भी समाज की मजबूती में नई पीढ़ी की भूमिका अहम है. युवाओं और महिलाओं को शिक्षा, कौशल विकास, उद्यमिता और सामाजिक कार्यों से जोड़ना जरूरी है. संस्था को अपनी नई पीढ़ी को तैयार करने पर विशेष ध्यान देना चाहिए.
उन्होंने कहा कि उद्योग, व्यापार, उद्यमिता और नवाचार आर्थिक विकास के महत्वपूर्ण आधार हैं. अग्रवाल समाज की उद्यमिता की परंपरा झारखंड में नए कारोबार और स्थानीय रोजगार के अवसर बढ़ाने में योगदान दे सकती है. विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए समाज के सभी वर्गों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है. राज्यपाल ने स्थापना दिवस पर अग्रवाल सभा के पदाधिकारियों, सदस्यों और समाज के लोगों को शुभकामनाएं दीं.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

