Hazaribagh News: हजारीबाग पुलिस ने बड़कागांव थाना क्षेत्र के जंगल से प्रिंस खान गिरोह के एक सदस्य को हथियार के साथ गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपी के पास से देसी पिस्टल, छह जिंदा कारतूस और गिरोह से संबंधित दो पर्चे बरामद किए.
इसे भी पढ़ें:
पुलिस के अनुसार, हजारीबाग एसपी को सूचना मिली थी कि बड़कागांव थाना क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों से जुड़ा एक संदिग्ध व्यक्ति मौजूद है. सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए थाना प्रभारी के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया. इसके बाद टीम ने ग्राम कोयलंग स्थित बाकपंजा टोला के पास चेकिंग अभियान शुरू किया.
इसी क्रम में दो-तीन लड़के रोड किनारे जंगल मे टूटे हुए मिट्टी कि घर के पीछे छिपकर बैठे हुए थे, तभी पुलिस बल को अपनी ओर आते देख तीनों लड़के उठकर भागने लगे, जिसमें से एक को पुलिस ने खदेड़कर पकड़ लिया. दो व्यक्तियों को जंगल का लाभ उठाकर भागने मे सफल हो गए.
पुलिस ने भागने में सफल रहे व्यक्तियों के नाम-पता पूछने पर बताया कि दोनों लड़कों को प्रिंस खान के द्वारा हथियार-गोली के साथ बड़ी घटना को अंजाम देने के लिए मेरे पास भेजा गया था उसी के तहत हम तीनों मिलकर हथियार गोली एवं पर्चा के साथ योजना बना रहे थे.
गिरफ्तार आरोपी की पहचान तलसवार निवासी संदीप मेहता उर्फ संदीप कुशवाहा के रूप में हुई है. प्राथमिकी दर्ज करने के बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी की कथित तौर पर गिरोह में क्या भूमिका थी. साथ ही बरामद हथियार और पर्चों के इस्तेमाल को लेकर भी जानकारी जुटाई जा रही है.
पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी किसी बड़ी आपराधिक वारदात की तैयारी में था या नहीं और गिरोह के अन्य सदस्यों से उसका किस तरह का संपर्क था. जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

