Ranchi: संविधान गौरव दिवस के अवसर पर झारखंड प्रदेश भाजपा की ओर से बुधवार को डिबडीह स्थित कार्निवल बैंक्वेट हॉल में प्रदेश स्तरीय संगोष्ठी आयोजित की गयी. इसमें भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने कांग्रेस पर संविधान का सबसे अधिक दुरुपयोग करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि कांग्रेस आज संविधान बचाने का ढोंग कर रही है, जबकि आपातकाल से लेकर चुनी हुई सरकारों को बर्खास्त करने तक का उसका इतिहास संविधान और लोकतंत्र के अपमान से भरा है.
आदित्य साहू ने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने देश को ऐसा संविधान दिया, जिसमें प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार, सम्मान और अपनी सरकार चुनने का अवसर मिला. संविधान की रक्षा और बाबा साहेब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना भाजपा का संकल्प है. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने बाबा साहेब को उनके जीवनकाल में उचित सम्मान नहीं दिया और 1952 के चुनाव में उन्हें संसद पहुंचने से रोकने का प्रयास किया.
उन्होंने आपातकाल का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस ने प्रेस की स्वतंत्रता पर प्रतिबंध लगाया और पत्रकारों को जेल भेजा. अपने शासनकाल में 90 बार चुनी हुई सरकारों को बर्खास्त कर लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर किया. उन्होंने एसआईआर का समर्थन करते हुए कहा कि निर्वाचन आयोग संवैधानिक प्रक्रिया के तहत मतदाता सूची को पारदर्शी बनाने का काम कर रहा है. कांग्रेस और झामुमो इसका राजनीतिक विरोध कर रहे हैं.
इसे भी पढ़ें -
झारखंड सरकार पर निशाना साधते हुए साहू ने आरोप लगाया कि राज्य में अवैध कोयला और लौह अयस्क खनन को संरक्षण मिल रहा है. अवैध खनन का पैसा बिचौलियों और सत्ताधारी दल के नेताओं तक पहुंच रहा है. उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से राज्य के विकास, कानून व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा पर ध्यान देने की अपील की.
बिहार की विधायक एवं भाजपा सह-प्रभारी निवेदिता सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बाबा साहेब से जुड़े पांच स्थलों को पंचतीर्थ के रूप में विकसित कर उन्हें राष्ट्रीय पहचान दिलायी. केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि संविधान की आत्मा लोकतंत्र है, लेकिन कांग्रेस ने अनुच्छेद 356 और आपातकाल के माध्यम से बार-बार इसका अपमान किया.
भाजपा राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य दीपक प्रकाश ने कहा कि बाबा साहेब के अपमान का इतिहास कांग्रेस कभी नहीं मिटा सकती. संविधान के जानकार एवं अधिवक्ता राजेंद्र कृष्णा ने कार्यकर्ताओं को संविधान के पूर्ण पालन की शपथ दिलायी. उन्होंने कहा कि संवैधानिक नैतिकता का अर्थ केवल कानून का पालन करना नहीं, बल्कि संवैधानिक संस्थाओं का सम्मान करना भी है.
कार्यक्रम का संचालन प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने किया. इस अवसर पर राष्ट्रीय संगठक नागेंद्र नाथ त्रिपाठी, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष यदुनाथ पांडेय, अमर बाउरी, प्रतुल शाहदेव, राकेश प्रसाद, गणेश मिश्रा समेत प्रदेश भाजपा के पदाधिकारी, वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

