Adityapur News : खरकई नदी पर बने पुल से एक अधेड़ व्यक्ति ने छलांग लगा ली.सूचना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक व्यक्ति की उम्र करीब 53 से 55 वर्ष के बीच बताई जा रही है. घटना के बाद उसकी पहचान नहीं हो सकी है और नदी में उसकी तलाश की जा रही है.
हाथ जोड़कर प्रणाम किया, फिर अचानक नदी में कूद गया
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अधेड़ व्यक्ति पुल पर पहुंचा और कुछ देर बाद हाथ जोड़कर प्रणाम किया. इसके बाद उसने अचानक नदी में छलांग लगा दी. घटनाक्रम इतनी तेजी से हुआ कि पुल से गुजर रहे लोगों को उसे रोकने या कुछ समझने का मौका नहीं मिल सका.व्यक्ति को नदी में छलांग लगाते देख राहगीरों और आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया. कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई.
व्यक्ति की पहचान और घटना के कारणों की जानकारी नहीं
फिलहाल नदी में छलांग लगाने वाले व्यक्ति की पहचान नहीं हो पाई है. उसके बारे में जानकारी जुटाने के साथ ही उसकी तलाश की जा रही है. घटना के पीछे की वजह भी अभी स्पष्ट नहीं है. व्यक्ति की पहचान और तलाश पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की स्थिति साफ हो सकेगी.

