Search

 
 
 

Adityapur News: ट्रैक्टर की चपेट में आकर युवक की मौत, परिजनों का प्रशासन को 2 घंटे का अल्टीमेटम

Adityapur: थाना क्षेत्र के चुना भट्टा के पास सोमवार को हुए सड़क हादसे में 20 वर्षीय युवक कन्हैया दास की मौत हो गई
 

Adityapur: थाना क्षेत्र के चुना भट्टा के पास सोमवार को हुए सड़क हादसे में 20 वर्षीय युवक कन्हैया दास की मौत हो गई. कन्हैया आदित्यपुर-2 स्थित रायडीह बस्ती का निवासी था. घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है, वहीं परिजन दोषी चालक की गिरफ्तारी और मुआवजे की मांग को लेकर आक्रोशित हैं.

 

 


मिली जानकारी के अनुसार कन्हैया दास स्कूटी से दवा लेने के लिए घर से निकला था. इसी दौरान चुना भट्टा के समीप पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रैक्टर (संख्या JH05BG3553) ने उसे टक्कर मार दी. हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया. आसपास मौजूद लोगों ने उसे तुरंत इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) पहुंचाया. जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.

 

 

मंगलवार को मृतक के परिजन आदित्यपुर थाना पहुंचे और पुलिस प्रशासन से न्याय की मांग की. परिजनों का कहना है कि परिवार ने अपना जवान बेटा खो दिया है, इसलिए दुर्घटना के लिए जिम्मेदार ट्रैक्टर चालक को जल्द गिरफ्तार किया जाए और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए.

 

 

परिजनों ने आरोप लगाया कि हादसे के बाद ट्रैक्टर में मौजूद एक मजदूर को पकड़कर पुलिस के हवाले किया गया था, लेकिन उसके बावजूद अब तक चालक की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है. उन्होंने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि उपलब्ध जानकारी के आधार पर आरोपी तक पहुंचना मुश्किल नहीं होना चाहिए था.

 

 

गुस्साए परिजनों ने प्रशासन को 2 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई और मुआवजे की व्यवस्था नहीं की गई तो वे शव को मुख्य सड़क पर रखकर धरना देने को मजबूर होंगे.

 

 

स्थानीय लोगों का भी कहना है कि क्षेत्र में भारी वाहनों की तेज रफ्तार आवाजाही और यातायात नियमों की अनदेखी के कारण लगातार सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं. उनका आरोप है कि प्रशासन की ओर से प्रभावी कदम नहीं उठाए जाने के कारण ऐसे हादसे बढ़ते जा रहे हैं.

 

 

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर तथा उसके चालक की तलाश में जुटी हुई है. घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और नाराजगी का माहौल बना हुआ है.

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही