Ranchi News: जेएससीए अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम, धुर्वा में 9 अक्टूबर को होने वाले भारत और वेस्टइंडीज के बीच दूसरे टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच को लेकर रांची जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं. मैच में बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमियों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा, विधि-व्यवस्था, यातायात और भीड़ नियंत्रण को लेकर विशेष तैयारी की जा रही है.
जिला समाहरणालय में जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई. बैठक में स्टेडियम और आसपास के इलाकों की सुरक्षा व्यवस्था, दर्शकों के प्रवेश, यातायात प्रबंधन और भीड़ को नियंत्रित करने की रणनीति पर चर्चा की गई.
इसे भी पढ़ें -
बिना टिकट वालों पर रहेगी नजर. प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि स्टेडियम के आसपास बिना टिकट वाले लोगों की अनावश्यक भीड़ एकत्र नहीं होने दी जाएगी. खासकर दोपहर 3 बजे से दर्शकों की एंट्री शुरू होने से पहले स्टेडियम के आसपास बिना टिकट दर्शकों के जमावड़े पर नजर रखी जाएगी.
दर्शकों को निर्धारित गेट से कतारबद्ध तरीके से प्रवेश दिया जाएगा. सुरक्षा जांच के बाद ही स्टेडियम में प्रवेश की अनुमति होगी. प्रशासन ने क्रिकेट प्रेमियों से अपील की है कि वे समय से पहले स्टेडियम पहुंचे, निर्धारित कतार में लगें और किसी भी प्रतिबंधित वस्तु को अपने साथ न लाएं.
मैच के दौरान रांची में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए यातायात व्यवस्था को लेकर भी विशेष तैयारी की जा रही है. संबंधित अधिकारियों को व्यापक ट्रैफिक प्लान तैयार करने और प्रभावी भीड़ प्रबंधन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है.
प्रशासन ने शहरवासियों और क्रिकेट प्रेमियों से यातायात नियमों का पालन करने और केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों का इस्तेमाल करने की अपील की है. साथ ही स्टेडियम परिसर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश दिए गए हैं.
प्रशासन ने अधिकारियों और जेएससीए पदाधिकारियों को सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करने और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने का निर्देश दिया है. किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम को देने की अपील भी की गई है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

