Search

 
 
 

इरफान अंसारी के बयान पर आजसू का हमला, प्रवीण प्रभाकर ने की मंत्री को बर्खास्त करने की मांग

आजसू पार्टी के केंद्रीय उपाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर ने राज्य के स्वास्थ्य एवं खाद्य आपूर्ति मंत्री इरफान अंसारी के हालिया बयान पर कड़ा ऐतराज जताया है.
 

Ranchi : आजसू पार्टी के केंद्रीय उपाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर ने राज्य के स्वास्थ्य एवं खाद्य आपूर्ति मंत्री इरफान अंसारी के हालिया बयान पर कड़ा ऐतराज जताया है. 

 

उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मांग की है कि वे मंत्री इरफान अंसारी की हरकतों पर तुरंत लगाम लगाएं या उन्हें कैबिनेट से बाहर का रास्ता दिखाएं. प्रभाकर ने आरोप लगाया कि मंत्री राशन डीलरों को गरीब जनता का हक मारने और राशन चोरी के लिए प्रोत्साहित कर रहे हैं.

 

प्रवीण प्रभाकर ने कहा कि शुक्रवार को जामताड़ा नगर भवन में खाद्य आपूर्ति विभाग के 4जी ई–पॉस मशीन वितरण कार्यक्रम के दौरान, उपायुक्त की मौजूदगी में मंत्री इरफान अंसारी ने यह कह दिया कि आम जनता को मिलने वाले अनाज में राशन डीलरों द्वारा आधा किलो की कटौती करना कोई पाप नहीं है, क्योंकि उनके भी बाल-बच्चे हैं. आजसू नेता ने इसे बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और जनविरोधी बयान बताया.

 

उन्होंने कहा कि एक ओर सरकार पिछले आठ महीनों से राशन डीलरों का कमीशन नहीं दे पाई है. वहीं. दूसरी ओर मंत्री द्वारा खुले मंच से भ्रष्टाचार को सही ठहराना गलत संदेश देता है. प्रभाकर ने आरोप लगाया कि एक संवैधानिक पद पर बैठा मंत्री कानून की धज्जियां उड़ा रहा है और भ्रष्टाचार की वकालत कर रहा है.

 

प्रवीण प्रभाकर ने आगे कहा कि यह पहली बार नहीं है जब मंत्री इरफान अंसारी विवादों में आए हों. कुछ दिनों पहले उन्होंने जामताड़ा उपायुक्त की उपस्थिति में अपने समर्थकों से एसआईआर के लिए आने वाले बीएलओ को बांधकर रखने जैसी बात कही थी.

 

इसके अलावा तीन दिन पहले मंत्री का एक फोटो भी वायरल हुआ था, जिसमें वे अपने ही विधानसभा क्षेत्र में बिना हेलमेट स्कूटी चलाते नजर आए. आजसू पार्टी ने इन सभी घटनाओं को गंभीर बताते हुए मुख्यमंत्री से तत्काल कार्रवाई की मांग की है.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही