Ranchi News: आजसू पार्टी की रांची जिला कार्यसमिति की बैठक बुधवार को हरमू स्थित पार्टी के प्रधान कार्यालय में हुई. केंद्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो की मौजूदगी में आयोजित बैठक में संगठन विस्तार और जनसमस्याओं को लेकर आंदोलन तेज करने का निर्णय लिया गया.
बैठक को संबोधित करते हुए सुदेश महतो ने कहा कि झारखंड आंदोलन से लेकर अलग राज्य के निर्माण तक आजसू पार्टी की महत्वपूर्ण भूमिका रही है. पार्टी का लक्ष्य झारखंड के सभी वर्गों तक विकास पहुंचाना और राज्य में एक मजबूत राजनीतिक विकल्प के रूप में स्थापित होना है.
इसे भी पढ़ें:
केंद्रीय उपाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर ने बताया कि रांची जिले के सभी प्रखंडों में पार्टी संगठन का पुनर्गठन किया जाएगा. इसके लिए इसी महीने प्रखंड स्तर पर सम्मेलन आयोजित होंगे. इनमें मुख्य संगठन के साथ छात्र आजसू, युवा आजसू और महिला आजसू के सम्मेलन भी होंगे. संगठन में युवाओं को अधिक जिम्मेदारी देने पर विशेष जोर रहेगा.
बैठक में विभिन्न प्रखंडों की स्थानीय समस्याओं, भ्रष्टाचार और प्रशासनिक लापरवाही पर चर्चा हुई. आजसू नेताओं ने राज्य सरकार पर चुनावी वादे पूरे नहीं करने का आरोप लगाया. पार्टी ने निर्णय लिया कि प्रखंड से पंचायत स्तर तक जनता की समस्याओं को उठाया जाएगा और जरूरत पड़ने पर आंदोलन किया जाएगा.
बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष संजय महतो ने की. मौके पर डॉ. देवशरण भगत, प्रवीण प्रभाकर, हसन अंसारी, राजेंद्र मेहता, पार्वती देवी, निर्मला भगत, वीणा देवी और हाकिम अंसारी सहित पार्टी के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

