Palamu News: जिले के नौडीहा बाजार प्रखंड के कुसही गांव में मनरेगा योजनाओं में कथित गड़बड़ी और सरकारी राशि की निकासी का मामला सामने आया है. वार्ड संख्या-05 के सदस्य रवीन्द्र राम ने पलामू उपायुक्त को आवेदन देकर कई योजनाओं में बिना काम कराए ही सरकारी राशि की निकासी किए जाने का आरोप लगाया है. उन्होंने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है.
आवेदन के अनुसार, रामजी राम के खेत में कुआं निर्माण नहीं होने के बावजूद 76,404 रुपये की निकासी का आरोप है. वहीं, अजीत कुमार के खेत में मेड़बंदी, बुधनी देवी और प्रभा देवी के खेत में टीसीबी निर्माण नहीं होने के बावजूद राशि निकासी की बात कही गई है. इसके अलावा सरस्वती देवी की जानकारी के बिना उनके नाम पर योजना स्वीकृत कर राशि निकालने का भी आरोप लगाया गया है.
इसे भी पढ़ें:
वार्ड सदस्य ने मुकेश कुमार के खेत में पुराने टीसीबी को नया दिखाकर राशि निकालने और दिनेश राम के खेत में सिंचाई कूप का निर्माण अधूरा रहने के बावजूद 2,25,379 रुपये की निकासी किए जाने का आरोप लगाया है.
मामले में एक ही परिवार के तीन सदस्यों के नाम पर तीन पर्कोलेशन टैंक आवंटित किए जाने पर भी सवाल उठाए गए हैं. आवेदन में करीब 5.17 लाख रुपये की कथित अनियमितता का जिक्र किया गया है.
इधर, मुखिया पति धनंजय प्रसाद ने आरोपों को गलत बताया है. लगातार न्यूज़ की टीम से बातचीत में उन्होंने कहा कि लगाए गए आरोप सही नहीं हैं.
अब इस पूरे मामले में प्रशासनिक जांच का इंतजार है. जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि मनरेगा योजनाओं में वास्तव में अनियमितता हुई है या नहीं और सरकारी राशि की निकासी में किसी तरह की गड़बड़ी हुई है या नहीं.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

