Search

अंबा प्रसाद का सरकार पर हमला: झारखंड में कानून-व्यवस्था फेल

Ranchi: झारखंड में बढ़ती आपराधिक घटनाओं को लेकर सियासत तेज हो गई है. कांग्रेस की पूर्व विधायक अंबा प्रसाद ने गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि झारखंड में कानून-व्यवस्था पूरी तरह फेल हो चुकी है और आम जनता भय के माहौल में जीने को मजबूर है.

 

उन्होंने कहा कि राजधानी रांची समेत राज्य के कई हिस्सों में शाम होते ही डर का माहौल बन जाता है. व्यापारी अपनी दुकानों को समय से पहले बंद करने पर मजबूर हैं, क्योंकि लूट और हमले का खतरा लगातार बना रहता है. अंबा प्रसाद ने आरोप लगाया कि राज्य में हत्या, लूट, अपहरण, जबरन वसूली, पेट्रोल पंप और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में डकैती जैसी घटनाएं तेजी से बढ़ी हैं.

 

प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने संगठित अपराधों पर भी चिंता जताई. उनका कहना था कि ड्रग्स तस्करी, मानव तस्करी और जेल से संचालित आपराधिक नेटवर्क जैसी गतिविधियां प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बन गई हैं. उन्होंने सरकार से इन पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की.

 

साइबर अपराध का जिक्र करते हुए अंबा प्रसाद ने कहा कि जामताड़ा का नाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में रहा है. वहीं धनबाद जैसे शहर भी अपराध की घटनाओं को लेकर सुर्खियों में हैं. बदलते अपराध के स्वरूप को देखते हुए उन्होंने कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने पर जोर दिया.

 

उन्होंने पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि अपराध नियंत्रण में अपेक्षित सख्ती नहीं दिख रही है. हालांकि, पुलिस विभाग का कहना है कि अपराध पर नियंत्रण के लिए लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं और कई मामलों में अपराधियों की गिरफ्तारी भी की गई है.

 

अंबा प्रसाद ने कहा कि राज्य में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने, पुलिस की जवाबदेही तय करने और आधुनिक तकनीकी संसाधनों के बेहतर उपयोग की आवश्यकता है, ताकि आम जनता का भरोसा बहाल हो सके.

 

उन्होंने अंत में कहा कि अपराध नियंत्रण के लिए केवल पुलिस ही नहीं, बल्कि प्रशासन, समाज और नागरिकों की सामूहिक भागीदारी भी जरूरी है. पारदर्शिता, त्वरित न्याय और प्रभावी निगरानी तंत्र से ही झारखंड में सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित किया जा सकता है.

 

अंबा प्रसाद ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में हजारीबाग के मंगला जुलूस का मुद्दा को उठाया. उन्होंने हजारीबाग के मंगला जुलूस के दौरान हुई 13 वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म और हत्या की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि जनता का पुलिस पर भरोसा कम होता जा रहा है.

 

इसके अलावा उन्होंने बड़कागांव में गहने की दुकान में डकैती, हाल ही में पेट्रोल पंप डकैती, बड़कागांव की नाबालिग अंजू के एक महीने से लापता होने सहित राउतपर में दो हत्याओं का अब तक खुलासा नहीं होने, क्षेत्र में वसूली गिरोह की सक्रियता और जमशेदपुर में अपहरण के मामलों को भी गंभीरता से उठाया.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

 

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp