Hazaribagh News : हजारीबाग लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर फलों की बढ़ती कीमतों पर नियंत्रण रखने के उद्देश्य से श्री सूर्य षष्ठी छठ पूजा फल वितरण समिति की ओर से हिंदू स्कूल प्रांगण में विशेष फल बाजार लगाया गया है. इस बाजार की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यहां फल लागत मूल्य पर उपलब्ध कराए जा रहे हैं. इस बार समिति की ओर से लगभग 70 लाख रुपये के फलों का बाजार लगाया गया है.
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की हजारीबाग इकाई के सहयोग से कई वर्षों से संचालित यह बाजार का उद्घाटन समाजसेवी श्रद्धानंद सिंह, कांग्रेस नेता मुन्ना सिंह समेत अन्य गणमान्य लोगों ने किया.
इसे भी पढ़ें:
समिति के सदस्य करीब एक महीने पहले से समाज के लोगों से सहयोग राशि एकत्र करते हैं. इसके बाद उसी राशि से फल खरीदकर लागत मूल्य पर बेचे जाते हैं और बिक्री से प्राप्त राशि सहयोगकर्ताओं को वापस कर दी जाती है.
बाजार में स्थानीय किसानों को भी विशेष प्राथमिकता दी जाती है. किसान अपने खेतों में उत्पादित फल एवं अन्य सामग्री यहां लाकर बेच सकते हैं. इसके लिए उनसे किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाता है.
इस पहल का मुख्य उद्देश्य छठ व्रतियों को उचित कीमत पर पूजन सामग्री उपलब्ध कराना और बाजार में फलों की कीमतों को नियंत्रित रखना है. हजारीबाग का यह बाजार सामाजिक सहयोग, सेवा और आपसी सहभागिता की मिसाल बन गया है. मौके पर महापौर अरविंद कुमार राणा, उपमहापौर अविनाश यादव, समाजसेवी श्रद्धानंद सिंह समेत दर्जनों सदस्य उपस्थित थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

