Ranchi News: भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष सनी टोप्पो ने बुधवार को पार्टी के प्रदेश कार्यालय में पदभार संभाला. इस मौके पर राज्य के अलग-अलग जिलों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पहुंचे. ढोल-मांदर की थाप के साथ कार्यकर्ताओं ने सनी टोप्पो का स्वागत किया.
कार्यक्रम की शुरुआत भगवान बिरसा मुंडा, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर माल्यार्पण कर हुई. इसके बाद वंदे मातरम का गायन किया गया. झारखंड के मुख्य पाहन जगलाल पाहन ने पारंपरिक तरीके से सनी टोप्पो को आशीर्वाद दिया.
इसे भी पढ़ें -
कार्यक्रम में भाजपा के कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे. इनमें बाबूलाल मरांडी, समीर उरांव, करमवीर सिंह, सुदर्शन भगत, सुनील सोरेन, रामकुमार पहान, गंगोत्री खुजूर, बालमुकुंद सहाय और मुनेश्वर साहू शामिल थे.
पदभार संभालने के बाद सनी टोप्पो ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी उनके लिए बड़ी जिम्मेदारी है. उन्होंने कहा कि राज्य की सभी 34 जनजातियों को एकजुट कर उनके विकास के लिए काम किया जाएगा.
उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज की पहचान जल, जंगल और जमीन से जुड़ी है. इनसे जुड़े मुद्दों को लेकर संगठन काम करेगा. साथ ही बूथ से लेकर जिला और प्रदेश स्तर तक संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया जाएगा.
कार्यक्रम में बाबूलाल मरांडी ने भाजपा को आदिवासी समाज के सम्मान की पार्टी बताया. उन्होंने हेमंत सोरेन सरकार पर आदिवासियों के अधिकारों और जमीन से जुड़े मुद्दों को लेकर आरोप लगाए.
समीर उरांव ने केंद्र सरकार की जनजातीय योजनाओं का जिक्र किया. उन्होंने आरक्षित विधानसभा और लोकसभा सीटों पर संगठन को मजबूत करने की बात कही. करमवीर सिंह ने सनी टोप्पो से सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर संगठन को मजबूत करने की अपील की.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

