Ranchi: झारखंड केंद्रीय विश्वविद्यालय (सीयूजे) में नशे के खिलाफ जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया. राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की ओर से ब्रह्माकुमारीज पाठशाला के सहयोग से विज्ञान भवन स्थित कक्ष में नशा विरोधी जागरूकता सह अभिमुखीकरण कार्यक्रम आयोजित हुआ.
कार्यक्रम नशामुक्त भारत अभियान और मिशन स्पंदन के तहत आयोजित किया गया. इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और उन्हें स्वस्थ एवं नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित करना था.
कार्यक्रम में प्रो. आर. के. डे की गरिमामयी उपस्थिति रही. उन्होंने युवाओं की जिम्मेदारी पर जोर देते हुए कहा कि नशे की आदत व्यक्ति के स्वास्थ्य, पढ़ाई, परिवार और सामाजिक जीवन को प्रभावित करती है. युवाओं को स्वयं नशे से दूर रहने के साथ अपने आसपास के लोगों को भी जागरूक करना चाहिए.
कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारीज की ओर से बीके सीमा बहन, राजयोग शिक्षिका, बीके भारती बहन, बीके तनुजा बहन, बीके रामनिवास भाई और बीके दुखरन भाई उपस्थित रहे. उन्होंने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभाव और नशामुक्त जीवन के महत्व के बारे में जानकारी दी. उन्होंने सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास और अनुशासन को अपनाने पर जोर दिया.
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों और एनएसएस स्वयंसेवकों को ध्यान एवं राजयोग का अभ्यास कराया गया. उन्हें मानसिक शांति, आत्म-नियंत्रण और सकारात्मक सोच के महत्व के बारे में बताया गया. विद्यार्थियों ने भी अभ्यास में उत्साहपूर्वक भाग लिया.
कार्यक्रम के सफल आयोजन में एनएसएस समन्वयक हृषिकेश महतो, एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी श्रीमती रश्मि वर्मा और एनएसएस कार्यालय की महत्वपूर्ण भूमिका रही. एनएसएस स्वयंसेवकों ने आयोजन की विभिन्न गतिविधियों में सहयोग किया.
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण सामूहिक नशामुक्ति शपथ रहा. विद्यार्थियों, एनएसएस स्वयंसेवकों और अन्य प्रतिभागियों ने नशे से दूर रहने का संकल्प लिया. उन्होंने अपने परिवार, मित्रों और समाज के लोगों को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने की शपथ ली.
कार्यक्रम में युवाओं को शिक्षा, खेल, रचनात्मक गतिविधियों और सामाजिक सेवा से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया. वक्ताओं ने कहा कि युवाओं को सही जानकारी और सकारात्मक माहौल उपलब्ध कराकर नशे की समस्या को कम किया जा सकता है. कार्यक्रम के अंत में एनएसएस की ओर से सभी प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया.

