Search

 
 
 

CCL की लाल-लाडली योजना के लिए वर्ष 2026-28 का आवेदन शुरू

CCL संचालित CSR आधारित शैक्षणिक योजना ‘सीसीएल के लाल और सीसीएल की लाडली’ के तहत वर्ष 2026-28 बैच के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू होने जा रही है.
 
  • मुफ्त इंजीनियरिंग कोचिंग का अवसर

Ranchi : CCL संचालित CSR आधारित शैक्षणिक योजना ‘सीसीएल के लाल और सीसीएल की लाडली’ के तहत वर्ष 2026-28 बैच के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू होने जा रही है.

 

यह योजना आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन मेधावी विद्यार्थियों को इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी के लिए पूरी तरह नि:शुल्क सुविधा उपलब्ध कराती है.

 

सीसीएल प्रबंधन की ओर से जारी जानकारी के अनुसार ऑनलाइन आवेदन 1 जनवरी 2026 से 31 जनवरी 2026 तक स्वीकार किए जाएंगे. आवेदन पूरी तरह निःशुल्क है और किसी भी चरण में अभ्यर्थियों या उनके अभिभावकों से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा. प्रबंधन ने अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी से सावधान रहने की अपील भी की है.

 

यह योजना वर्ष 2012 से निरंतर संचालित की जा रही है और अब तक इसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं. योजना के अंतर्गत चयनित छात्रों को रांची स्थित स्टडी सेंटर में इंजीनियरिंग कोचिंग दी जाती है.

 

कोचिंग सीसीएल के उन अधिकारियों द्वारा कराई जाती है जो स्वयं आईआईटी के पूर्व छात्र हैं. इसके साथ ही छात्रों को डीएवी स्कूल, गांधीनगर में कक्षा 11वीं और 12वीं की सीबीएसई माध्यम की स्कूली शिक्षा उपलब्ध कराई जाती है.

 

छात्रों के लिए अलग-अलग छात्रावास की व्यवस्था की गई है. बालकों को सीसीएल के लाल छात्रावास, गांधीनगर में और बालिकाओं को सीसीएल कॉलोनी, जवाहरनगर में आवासीय सुविधा दी जाती है. सभी छात्रों को पौष्टिक भोजन, ऑल इंडिया टेस्ट सीरीज और नियमित अभिभावक-शिक्षक बैठक की सुविधा भी प्रदान की जाती है.

 

पात्रता के अनुसार वर्ष 2026 में कक्षा दसवीं की परीक्षा न्यूनतम 50 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण करने वाले छात्र प्रवेश परीक्षा में शामिल हो सकते हैं.

 

आवेदक या उनके अभिभावकों का सीसीएल कमांड एरिया में सीसीएल प्रतिष्ठानों के 25 किलोमीटर के दायरे में निवासी होना अनिवार्य है. पारिवारिक वार्षिक आय आठ लाख रुपये तक निर्धारित की गई है, जबकि सीसीएल कर्मचारियों के वार्ड इस आय सीमा से मुक्त होंगे.

 

इस योजना के तहत कुल 40 सीटें निर्धारित हैं. आरक्षण झारखंड राज्य की कॉलेज और विश्वविद्यालयों में लागू आरक्षण नीति के अनुसार किया जाएगा. प्रवेश के लिए ऑफलाइन ओएमआर आधारित परीक्षा ली जाएगी, जिसके आधार पर मेरिट सूची तैयार होगी. दस्तावेज सत्यापन के बाद अंतिम चयन किया जाएगा.

 

अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी सीसीएल की आधिकारिक वेबसाइट www.ccllallaadliadmission.com या निर्धारित हेल्पलाइन नंबरों  (0651-2365580 / 9711714408 - कॉलिंग) (8987785533 - व्हाट्सएप) पर संपर्क कर सकते हैं.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही