Sports News: एशियन गेम्स-2026 में शुक्रवार का दिन भारत के लिए बेहद खास रहा. स्टार मुक्केबाज लवलीना बोरगोहेन ने जन्मदिन पर 75 किग्रा वर्ग के फाइनल में चीन की बाओ जियी को 5-0 से हराकर गोल्ड मेडल दिलाया. परवीन हुड्डा ने महिलाओं के 65 किग्रा वर्ग के फाइनल में चीनी ताइपे की चेन निएन-चिन को 3-2 से मात देकर गोल्ड मेडल जीता.
इसे भी पढ़ें:
पुरुष मुक्केबाजी के 80 किग्रा वर्ग में भारत के अंकुश पंघाल ने दक्षिण कोरिया के मिनसियोंग किम को 4-0 से हराकर और कुश्ती में भारतीय पहलवान सुजीत कलकल ने ताजिकिस्तान के पहलवान को हराकर गोल्ड मेडल जीता. मुक्केबाजी में शुक्रवार को भारत की झोली में 3 गोल्ड आए.
महिला रिकर्व टीम इवेंट में भारत की कुमकुम मोहता, अंकिता भकत और कीर्ति शर्मा की तिकड़ी ने साउथ कोरिया को 5-3 मात देकर गोल्ड अपने नाम किया. जबकि कुमकुम, धीरज बोम्मादेवरा के साथ मिक्स्ड रिकर्व टीम को चीन से 5-3 से हार का सामना करना पड़ा. भारतीय जोड़ी के हिस्से सिल्वर मेडल आया.
वहीं, भारतीय पुरुष रिकर्व टीम दक्षिण कोरिया से 1-5 से हार गई और भारतीय टीम को सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा. नेत्रा कुमानन ने महिला डिंगी सेलिंग स्पर्धा में ब्रॉन्ज मेडल जीता. सेपकटकरा के पुरुष क्वाड्रेंट में भारत को ब्रॉन्ज मेडल मिला.
मेडल तालिका की बात करें तो, भारत 15 गोल्ड, 25 सिल्वर और 35 ब्रॉन्ज मेडल के साथ कुल 75 पदक लेकर छठे स्थान पर काबिज है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

