Ranchi : झारखंड सहायक कारापाल प्रतियोगिता परीक्षा-2025 के अभ्यर्थियों ने दौड़ पूरी करने का समय 6 मिनट से बढ़ाकर 7 मिनट करने की मांग की है. इस संबंध में आज अभ्यर्थियों और JPSC-JSSC REFORM MANCH के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री सचिवालय में ज्ञापन सौंपा. उन्होंने शारीरिक दक्षता परीक्षा शुरू होने से पहले इस मामले में निर्णय लेने की मांग की.
विज्ञापन संख्या 05/2025 और 06/2025 के तहत सहायक कारापाल भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा 28 अक्टूबर से 13 नवंबर तक आयोजित होनी है. इसके लिए रांची, हजारीबाग और दुमका में केंद्र निर्धारित किए गए हैं. परीक्षा की तारीख नजदीक आने के साथ अभ्यर्थियों की चिंता बढ़ गई है.
इसे भी पढ़ें
अभ्यर्थियों ने ज्ञापन में दावा किया कि जयपाल सिंह स्टेडियम, रांची में छात्र आंदोलन के दौरान मंच और सरकार के प्रतिनिधियों के बीच हुई वार्ता में दौड़ का समय 6 मिनट से बढ़ाकर 7 मिनट करने पर सहमति बनी थी. हालांकि, उनके अनुसार गृह विभाग ने अब तक इस संबंध में आधिकारिक आदेश या शुद्धिपत्र जारी नहीं किया है.
अभ्यर्थियों ने मांग की है कि दौड़ का समय बढ़ाने के लिए जल्द आधिकारिक आदेश जारी किया जाए. संशोधित नियमों को शारीरिक दक्षता परीक्षा शुरू होने से पहले लागू किया जाए, ताकि सभी अभ्यर्थियों को स्पष्ट जानकारी मिल सके.
ज्ञापन सौंपने वालों में राहुल क्रांति, रूपेश कुमार पाल और जय राज कुमार समेत अन्य अभ्यर्थी शामिल थे. उन्होंने कहा कि सरकार को छात्र हित में जल्द फैसला लेना चाहिए. JPSC-JSSC REFORM MANCH ने मांग पर सकारात्मक पहल नहीं होने पर लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने की चेतावनी दी है.

