Ranchi News: भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (ट्रिपल आईटी) रांची में 1 से 3 अक्टूबर तक आयोजित तीन दिवसीय वार्षिक खेल महोत्सव ‘कॉनकर्स’26’ का सफल समापन हुआ. महोत्सव में संस्थान के विद्यार्थियों और शिक्षकों ने क्रिकेट, बैडमिंटन, वॉलीबॉल, फुटबॉल, बास्केटबॉल, कबड्डी, टेबल टेनिस, कैरम, शतरंज, ई-स्पोर्ट्स और एथलेटिक्स सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया. आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में खेल भावना, अनुशासन, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को बढ़ावा देना था.
महोत्सव का उद्घाटन 1 अक्टूबर को संस्थान के निदेशक प्रो. राजीव श्रीवास्तव की उपस्थिति में हुआ. उद्घाटन समारोह में विभिन्न टीमों ने मार्च पास्ट किया, जिसके बाद निदेशक ने खेल मशाल प्रज्वलित की. इस दौरान मशाल दौड़ के साथ साज़ एवं नृत्याराशि क्लब की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां हुईं. खिलाड़ियों को स्पोर्ट्स जॉइंट सेक्रेटरी ने खेल शपथ भी दिलाई.
इसे भी पढ़ें:
इस अवसर पर प्रो. राजीव श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में खेलों की भूमिका पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, टीम भावना और कठिन परिस्थितियों का सामना करने की क्षमता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेल एवं अन्य सह-पाठ्यचर्या गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया.
तीन दिनों के दौरान विद्यार्थियों के लिए विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के साथ शिक्षकों के लिए भी विशेष प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं. इससे संस्थान के विद्यार्थियों, शिक्षकों और अन्य सदस्यों को एक साथ खेल गतिविधियों में भाग लेने का अवसर मिला.
3 अक्टूबर को आयोजित समापन समारोह में व्यक्तिगत, टीम और शिक्षक वर्ग की प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार और प्रमाणपत्र प्रदान किए गए. खेल आयोजन एवं समन्वय में योगदान के लिए डॉ. रोहित कंडुला, डॉ. अंकिता कुमारी और डॉ. अमित कुमार सिंह को भी सम्मानित किया गया.
समापन समारोह में अल्फाज़, अभिनय, नृत्याराशि और साज़ क्लब के कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं. इसके अलावा जामिंग सत्र और मिसफिट्स बैंड की प्रस्तुति ने भी दर्शकों का मनोरंजन किया. अभिनय समूह की ओर से प्रस्तुत ‘भाग मिल्खा भाग’ कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहा.
कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन और राष्ट्रगान के साथ हुआ. ‘कॉनकर्स’26’ के सफल आयोजन में संस्थान प्रशासन, संकाय सदस्यों, खेल प्रभारियों, आयोजन समिति, विद्यार्थी समन्वयकों, स्वयंसेवकों, निर्णायकों और प्रतिभागियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही. महोत्सव के माध्यम से विद्यार्थियों को खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों में प्रतिभा दिखाने के साथ नेतृत्व, अनुशासन, धैर्य और टीम भावना जैसे गुण विकसित करने का अवसर मिला.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

