Ranchi News: “खेलेगा भारत, जीतेगा भारत” और “एक घंटा खेल के मैदान में” की थीम के साथ इस वर्ष राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर राज्य के विद्यालयों में आयोजित तीन दिवसीय खेल अभियान सफलतापूर्वक संपन्न हुआ. छोटे-छोटे गांवों के विद्यालयों से लेकर शहरों के स्कूलों तक खेल, फिटनेस और उत्साह का माहौल देखने को मिला.
इसे भी पढ़ें:
स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, झारखंड तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देश के आलोक में आयोजित इस अभियान में राज्यभर के सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त एवं निजी विद्यालयों के लाखों छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. तीन दिनों तक विद्यालय परिसर विभिन्न खेल गतिविधियों, फिटनेस कार्यक्रमों और प्रतियोगिताओं से गुलजार रहे.
अभियान के दौरान हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद को श्रद्धांजलि अर्पित की गई. इसके अलावा खेल शपथ, मार्च पास्ट, फिटनेस गतिविधियां तथा विभिन्न आयु वर्गों के अनुरूप खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया. अंतिम दिन ‘संडे ऑन साइकिल’ के तहत साइकिल रैली और दौड़ का आयोजन कर अभियान का विशेष रूप से समापन किया गया.
इस आयोजन की खास बात विद्यार्थियों के साथ शिक्षकों की सक्रिय सहभागिता रही. शिक्षकों ने बच्चों के साथ खेल गतिविधियों और छात्र-शिक्षक मैत्री मुकाबलों में हिस्सा लेकर खेलों के प्रति उत्साह को नई ऊर्जा दी. इससे विद्यालयों में खेल संस्कृति को मजबूत करने और विद्यार्थियों को नियमित शारीरिक गतिविधियों के लिए प्रेरित करने में मदद मिलेगी.
शिक्षा विभाग की यह पहल वर्तमान समय में विशेष रूप से महत्वपूर्ण है, जब बच्चे और युवा अपना काफी समय मोबाइल और डिजिटल माध्यमों पर व्यतीत कर रहे हैं. ऐसे में खेल के मैदान से उनका जुड़ाव शारीरिक सक्रियता के साथ मानसिक मजबूती, अनुशासन और सामाजिक विकास के लिए भी जरूरी है. तीन दिवसीय अभियान ने विद्यार्थियों के साथ अभिभावकों और शिक्षकों को भी खेलों के महत्व के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.
