Chaibasa News: चाईबासा पश्चिमी सिंहभूम के तांतनगर में एक युवक की पारिवारिक कहानी ने पुलिस को भी उलझा दिया है. आजाद बिरुली पर आरोप है कि दो पत्नियों के रहते वह तीसरी महिला को लेकर चला गया.
इसे भी पढ़ें:
मामला सामने आने के बाद पहली और दूसरी पत्नी के साथ तीसरी महिला का पूर्व पति भी परिजनों और ग्रामीणों के साथ तांतनगर थाना पहुंच गया. एक ही व्यक्ति के खिलाफ तीन अलग-अलग पक्षों से शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने सभी के आवेदन लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है.
मामले को लेकर शुक्रवार को लोवालंदिर डोबरोबासा गांव में ग्रामसभा भी बुलाई गयी थी. मुंडा डोबरों बिरुली की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में आजाद और उसकी दोनों पत्नियों के बीच चल रहे विवाद को सुलझाने की कोशिश होनी थी. लेकिन आजाद ग्रामसभा में नहीं पहुंचा, जिसके कारण बैठक स्थगित करनी पड़ी.
आजाद की पहली पत्नी मेझारी कुई बिरुली टोकलो थाना क्षेत्र के वाकितोपा की रहने वाली बतायी गयी है. दूसरी पत्नी माकी बिरुली ओडिशा के बादामपहाड़ थाना क्षेत्र के जोयपुर की निवासी है. वह अपनी तीन वर्षीय बेटी के साथ थाना पहुंची थी.
वहीं तीसरी महिला की पहचान बड़ा चिरू निवासी सुमित्रा बालमुचू के रूप में हुई है. उसके पूर्व पति का आरोप है कि सुमित्रा अपने दो बच्चों को छोड़कर आजाद के साथ शादी की नीयत से चली गयी.
मामला थाने पहुंचने के बाद पुलिस ने सभी पक्षों की बातें सुनीं. आरक्षी अवर निरीक्षक सुनील कुमार ने आजाद के मोबाइल नंबर पर संपर्क किया. पुलिस के अनुसार, आजाद ने रविवार को तांतनगर थाना पहुंचकर अपना पक्ष रखने की बात कही है. अब उसके बयान के बाद पुलिस तीनों पक्षों की शिकायतों और आरोपों की पड़ताल करेगी. इसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

