Search

 
 
 

बाबूलाल ने निकाय चुनाव को लेकर केंद्रीय बल व CCTV की मांग की

नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने निकाय चुनाव को लेकर अपनी पार्टी की मांगों को दोहराते हुए निर्वाचन आयुक्त से केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती और सीसीटीवी व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया है.
 

Ranchi : नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने निकाय चुनाव को लेकर अपनी पार्टी की मांगों को दोहराते हुए निर्वाचन आयुक्त से केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती और सीसीटीवी व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया है. 

 

उन्होंने कहा कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और सांसद आदित्य साहू के नेतृत्व में 13 फरवरी को सौंपे गए ज्ञापन में जिन बिंदुओं को रखा गया था, वे अब भी पूरी तरह प्रासंगिक हैं.

 

बाबूलाल मरांडी ने कहा कि 23 फरवरी को राज्य के 48 नगर निकाय क्षेत्रों में मतदान होना है, लेकिन अब तक सभी मतदान केंद्रों, स्ट्रांग रूम और मतगणना स्थलों पर केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती को लेकर कोई स्पष्ट निर्णय नहीं लिया गया है. उन्होंने यह भी कहा कि सभी बूथों, स्ट्रांग रूम और मतगणना हॉल में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने चाहिए.

 

उन्होंने कहा कि विधानसभा और लोकसभा चुनावों में ईवीएम से मतदान होने के बावजूद सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जाते रहे हैं, जबकि निकाय चुनाव बैलेट पेपर से कराए जा रहे हैं. ऐसे में बूथ कैप्चरिंग और बोगस मतदान की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता है.

 

मरांडी ने राज्य पुलिस प्रशासन पर जनता के भरोसे को लेकर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि जब पुलिस के वरीय अधिकारी ही आरोपों के दायरे में हों और पदस्थापन को लेकर विवाद हों, तो निष्पक्ष व्यवस्था को लेकर संदेह स्वाभाविक है.

 

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पहले निकाय चुनाव कराने के पक्ष में नहीं थी और न्यायालय के निर्देशों के बाद ही चुनाव प्रक्रिया आगे बढ़ी. उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा राज्य में शांतिपूर्ण, भयमुक्त और निष्पक्ष चुनाव की मांग कर रही है और इसी उद्देश्य से केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती तथा सीसीटीवी व्यवस्था को आवश्यक बताया जा रहा है.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही