Hazaribagh News: बंधु तिर्की के नेतृत्व में आदिवासी समाज का प्रतिनिधिमंडल उपायुक्त से मिला. प्रतिनिधिमंडल ने आदिवासी समाज से जुड़े कई ज्वलंत और लंबित मामलों को डीसी के समक्ष रखा तथा उनके शीघ्र समाधान की मांग की.
हजारीबाग की खबरों के लिए यहां क्लिक करें
मुलाकात के दौरान हजारीबाग आदिवासी कल्याण बालक छात्रावास में 500 बेड के नए छात्रावास के निर्माण का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया. प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि बड़ी संख्या में आदिवासी छात्र दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों से आकर शिक्षा प्राप्त करते हैं. ऐसे में आधुनिक एवं पर्याप्त क्षमता वाले छात्रावास का निर्माण विद्यार्थियों के भविष्य के लिए बेहद जरूरी है. इसके साथ ही के.बी. महिला कॉलेज की आदिवासी छात्राओं के लिए पेयजल समस्या और बाउंड्री से जुड़े मामले को भी गंभीरता से उठाया.
इसे भी पढ़ें:
प्रतिनिधिमंडल ने छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक सुविधाओं को शीघ्र दुरुस्त कराने की मांग की. वहीं सदर प्रखंड के हरहद पंचायत के दोनों रेशाम क्षेत्र के आदिवासी छात्र-छात्राओं के जाति एवं आवासीय प्रमाण पत्र का मामला भी प्रमुखता से सामने आया. बताया गया कि 100 से अधिक आदिवासी विद्यार्थियों के प्रमाण पत्र लंबित हैं.
वहीं, खतियान उपलब्ध नहीं होने के कारण बड़ी संख्या में आदिवासी परिवारों को भी प्रमाण पत्र बनवाने में प्रशासनिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. बैठक में आदिवासी परिवार से जुड़े बंदोबस्ती मामले सहित समाज के अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा हुई. पूर्व मंत्री बंधु तिर्की ने कहा कि आदिवासी समाज के अधिकारों से जुड़े मामलों में प्रशासन को संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य करना चाहिए.
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों और जरूरतमंद परिवारों को सरकारी योजनाओं एवं अपने अधिकारों का लाभ लेने के लिए अनावश्यक कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए सरल और प्रभावी व्यवस्था जरूरी है.उन्होंने जिला प्रशासन से सभी मामलों का प्राथमिकता के आधार पर संज्ञान लेते हुए शीघ्र, निष्पक्ष एवं सकारात्मक कार्रवाई करने का आग्रह किया.
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि आदिवासी समाज की आवाज को दबने नहीं दिया जाएगा और शिक्षा, अधिकार, सम्मान तथा बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर संघर्ष आगे भी जारी रहेगा. इस दौरान मौके पर मुख्य रूप से आदिवासी एकता महाजुटान रैली के हजारीबाग संयोजक विजय सिंह भोक्ता, सह संयोजक मरियम कुजूर, रिना लिण्डा, सुशील उडेया, छोटेलाल कारमाली व गोवर्धन गंझु उपस्थित थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

