- -दस साल से चल रहा सौंदर्यीकरण का काम अब तक अधूरा
Ranchi News: राजधानी के बरियातू स्थित जोड़ा तालाब के सौंदर्यीकरण पर करीब 80 लाख रुपए खर्च किए गए, लेकिन दो साल के भीतर ही तालाब के किनारे लगाए गए पेवर ब्लॉक उखड़ने लगे हैं. कई जगहों पर ईंटें धंस गई हैं, तो कहीं ब्लॉक पूरी तरह से बिखरने लगे हैं. इससे स्थानीय लोगों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. वहीं तालाब के सौंदर्यीकरण का काम अब तक अधूरा है.
जानकारी के अनुसार, वर्ष 2023-24 के दौरान तालाब के चारों ओर पेवर ब्लॉक लगाने का काम कराया गया था. इसके लिए करीब 80 लाख रुपए का फंड जारी किया गया था. हालांकि पेवर ब्लॉक लगाने के बाद भी तालाब के सौंदर्यीकरण का काम पूरा नहीं हो सका. योजना के तहत कुछ काम शेष हैं और इसके लिए फंड की भी जरूरत बताई जा रही है. स्थानीय लोगों ने बताया कि करीब दस साल से तालाब के सौंदर्यीकरण की प्रक्रिया चल रही है, लेकिन अब तक इसे पूरा नहीं किया जा सका है.
दो बार बदले ठेकेदार, फिर भी अधूरा काम
तालाब के सौंदर्यीकरण का काम लेने वाले ठेकेदार इसे पूरा नहीं कर सके. पहले ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट किए जाने की बात भी सामने आई. इसके बाद दूसरे ठेकेदार ने भी काम अधूरा छोड़ दिया. नतीजतन तालाब के सौंदर्यीकरण की योजना अब तक अधर में है. लोगों ने बताया कि समय पर काम पूरा नहीं होने से सरकारी राशि खर्च होने के बावजूद लोगों को इसका पूरा लाभ नहीं मिल रहा है.
इसे भी पढ़ें -
प्रवेश द्वार के सामने ही उखड़ने लगे ब्लॉक
तालाब के किनारे लगाए गए पेवर ब्लॉक सही तरीके से नहीं बिछाए गए, जिसके कारण अब वे धीरे-धीरे उखड़ने और धंसने लगे हैं. मोहल्ले के प्रवेश द्वार के सामने भी पेवर ब्लॉक की स्थिति खराब हो गई है. इससे आने-जाने वाले लोगों को परेशानी होती है. कई राहगीर असंतुलित और धंसे हुए ब्लॉक के कारण गिरकर घायल भी हो चुके हैं.
फंड मिलते ही पूरा कराया जाएगा काम
वार्ड पार्षद प्रीति रंजन ने बताया कि जोड़ा तालाब का सौंदर्यीकरण कराया जाना है. इसके लिए नगर निगम से फंड की मांग की गई है. फंड उपलब्ध होते ही शेष काम पूरा कराया जाएगा.
वहीं जेई नितीश कुमार ने बताया कि जोड़ा तालाब से जुड़ा मामला उनके संज्ञान में नहीं है. नगर निगम में आए उन्हें करीब छह महीने ही हुए हैं, इसलिए इस संबंध में उन्हें फिलहाल कोई जानकारी नहीं है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.


