Lagatar Desk : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण में 16 जिलों की 152 सीटों पर गुरुवार सुबह 7 बजे से मतदान जारी है. हालांकि मतदान के बीच कई इलाकों से हिंसा, झड़प और हंगामे की खबरें सामने आई हैं, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया.

आसनसोल में बीजेपी विधायक की गाड़ी पर हमला
आसनसोल के बर्नपुर स्थित रहमतनगर इलाके में बीजेपी विधायक अग्निमित्रा पॉल की गाड़ी पर अज्ञात लोगों ने हमला किया. बताया जाता है कि अग्निमित्रा पॉल मतदान केंद्रों का जायजा लेकर लौट रही थीं, तभी उनकी कार पर पीछे से पत्थर फेंका गया. इस हमले में बीजेपी विधायक की गाड़ी का शीशा टूट गया. साथ ही घटना में उनके सुरक्षाकर्मियों और सहयोगी को हल्की चोटें आईं.

बीरभूम में बीजेपी-टीएमसी के बीच बहस
बीरभूम जिले के सिउड़ी में मतदान के दौरान बीजेपी उम्मीदवार और टीएमसी कार्यकर्ता के बीच विवाद हो गया. बीजेपी ने आरोप लगाया कि मतदाताओं को डराया जा रहा है, जबकि टीएमसी कार्यकर्ता ने कहा कि वह केवल एक दिव्यांग मतदाता की मदद कर रही थी.

मुर्शिदाबाद में हुमायूं कबीर के काफिले पर हमला
मुर्शिदाबाद के रेजीनगर में एयूजेपी उम्मीदवार हुमायूं कबीर के काफिले पर भीड़ ने हमला किया. जानकारी के अनुसार, हुमायूं कबीर मुर्शिदाबाद में रेजीनगर का दौरा करने पहुंचे, जहां कल देसी बम फेंकने की घटना हुई थी.
इस दौरान टीएमसी समर्थकों और उनके बीच हिंसक झड़प हो गई. मौके पर मौजूद पुलिस के साथ भी हुमायूं कबीर की तीखी बहस और नोकझोंक हुई. घटना के बाद इलाके में तनाव बढ़ गया है.

मालदा में टीएमसी के दो गुटों में भिड़ंत
मालदा जिले के हरिश्चंद्रपुर में टीएमसी के ही दो गुट आपस में भिड़ गए. इस दौरान एक चुनावी कैंप में तोड़फोड़ की गई. पार्टी के अंदरूनी विवाद को लेकर एक गुट ने मंत्री ताजमुल हुसैन पर गंभीर आरोप लगाए हैं.
EVM खराब होने पर हंगामा
मालदा के मोथाबाड़ी इलाके में बालुआचारा हाई स्कूल में बनाए गए बूथ पर EVM खराब होने के बाद मतदाता नाराज हो गए. वहीं सेक्टर अधिकारी के मौके पर देर से पहुंचने पर लोगों ने उन्हें घेर लिया और जमकर हंगामा किया. इस दौरान लोगों ने उनके साथ हाथापाई भी की.
सिलीगुड़ी में कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की
सिलीगुड़ी के एक मतदान केंद्र के बाहर टीएमसी और बीजेपी कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोक-झोंक हुई और देखते ही देखते धक्का-मुक्की शुरू हो गई. मौके पर मौजूद सुरक्षा बलों ने तुरंत हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया, जिससे बड़ा विवाद टल गया.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें


Leave a Comment