Search

भागलपुर : कोसी नदी में नहाने गए 5 दोस्तों में से 3 किशोर डूबे, गांव में पसरा मातम

Bhagalpur : जिले के बिहपुर प्रखंड अंतर्गत हरियो पंचायत के महेशपुर गांव में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया. कोसी नदी में नहाने गए पांच दोस्तों में से तीन किशोरों की डूबने से मौत हो गई. घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है और मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

 

तीन किशोरों की हुई पहचान

मृत किशोरों की पहचान महेशपुर गांव के वार्ड नंबर 13 निवासी कैप्टन यादव के पुत्र लक्ष्मण कुमार (13 वर्ष), पिंटू यादव के पुत्र युवराज कुमार (14 वर्ष) उर्फ प्रीतम और शंकर शर्मा के पुत्र नयन कुमार (12 वर्ष) के रूप में हुई है.

 

बताया जा रहा है कि रविवार दोपहर गांव के पांच दोस्त कोसी नदी में नहाने के लिए गए थे. नहाने के दौरान वे नदी के गहरे हिस्से में चले गए, जिससे तीन किशोर डूबने लगे. वहीं उनके साथ गए दो अन्य दोस्तों ने किसी तरह अपनी जान बचाकर नदी से बाहर निकल आए 

 

ग्रामीणों ने दी पुलिस को सूचना

दोनों किशोर घबराकर गांव की ओर भागे और ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी. सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग नदी किनारे पहुंच गए. ग्रामीणों ने तुरंत नदी थाना को सूचना दी, जिसके बाद थानाध्यक्ष केशव चंद्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया.

 

पांच घंटे बाद पहुंची एनडीआरएफ टीम

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) की टीम को सूचना दी. ग्रामीणों का कहना है कि नवगछिया क्षेत्र में एनडीआरएफ की स्थायी टीम नहीं होने के कारण राहत और बचाव कार्य में अक्सर देरी हो जाती है.

तलाशी अभियान में मिले तीनों शव

एनडीआरएफ की टीम के पहुंचने के बाद नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया. काफी मशक्कत के बाद टीम ने तीनों किशोरों के शव नदी से बरामद कर लिए. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है.

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp