- हिरासत में यातना और वीडियो डिलीट करने का आरोप
- हाईकोर्ट से हस्तक्षेप की मांग
Ranchi : सिमडेगा से कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा से जुड़े नाबालिग लड़की के कथित यौन शोषण मामले को उजागर करने वाले पत्रकार अभिषेक भारती के साथ पुलिस हिरासत में कथित बर्बरता का मामला गरमा गया है. नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने इस घटना को लेकर पुलिस प्रशासन पर गंभीर सवाल उठाये हैं.
उन्होंने झारखंड हाईकोर्ट और राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) से स्वतः संज्ञान लेकर अपनी निगरानी में निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है. मरांडी ने आरोप लगाया कि अभिषेक को पुलिस के मनमुताबिक बयान देने के लिए बेरहमी से पीटा गया. उनके तलवों पर लाठियां बरसायी गयीं और उंगलियों के बीच पेंसिल फंसाकर प्रताड़ित किया गया.
इसे भी पढ़ें
पुलिस के मनमुताबिक बयान के लिए यातना देने का आरोप
मरांडी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि सिमडेगा से मिली जानकारी बेहद गंभीर है. आरोप है कि 26 नवंबर की रात से 27 नवंबर की दोपहर तक पाकरटांड़ पुलिस अभिषेक के साथ मारपीट करती रही. उन्हें अदालत में पुलिस के पक्ष में बयान देने के लिए दबाव में रखा गया. बाबूलाल के अनुसार, प्रताड़ना से परेशान होकर अभिषेक ने कथित तौर पर पुलिस से कहा कि उनसे जो लिखवाना है लिखवा लिया जाए, यहां तक कि सादे कागज पर हस्ताक्षर करा लिये जाएं, लेकिन पिटाई बंद कर दी जाए.
अदालत में बेहोश हुए पत्रकार, थाने ले जाने पर सवाल
नेता प्रतिपक्ष ने अदालत में पेशी के दौरान की गयी कथित पुलिस कार्रवाई पर भी सवाल उठाये. उनके मुताबिक, अभिषेक अपने पैरों पर चलने की स्थिति में नहीं थे. चार पुलिसकर्मी उन्हें उठाकर न्यायिक दंडाधिकारी के सामने ले गये, जहां वे बेहोश होकर गिर पड़े. आरोप है कि अस्पताल ले जाने के बजाय उन्हें पहले टाउन थाना ले जाया गया और बाद में सदर अस्पताल पहुंचाया गया. मरांडी ने पूछा कि आखिर अदालत में पेशी के बाद गंभीर हालत में एक व्यक्ति को थाने क्यों ले जाया गया?
तीन पत्रकारों के मोबाइल से वीडियो डिलीट करने का आरोप
बाबूलाल ने मामले में तीन अन्य पत्रकारों के साथ कथित दुर्व्यवहार का मुद्दा भी उठाया है. आरोप है कि न्यायालय परिसर में अभिषेक की हालत का वीडियो बना रहे पत्रकारों को टाउन थाना ले जाकर करीब चार घंटे तक बैठाया गया. उनके मोबाइल से वीडियो डिलीट करने के बाद उन्हें छोड़ा गया. मरांडी ने पूछा कि यदि वीडियो मिटाये गये हैं, तो इसके पीछे किसका आदेश था और पुलिस को पत्रकारों की रिकॉर्डिंग से क्या परेशानी थी?
सीसीटीवी फुटेज और मेडिकल रिकॉर्ड सुरक्षित रखने की मांग
मरांडी ने सिमडेगा एसपी से हिरासत, अदालत में पेशी और अस्पताल पहुंचाने तक की पूरी समयावधि का रिकॉर्ड सार्वजनिक करने की मांग की है. उन्होंने पाकरटांड़ और टाउन थाना के सीसीटीवी फुटेज, स्टेशन डायरी, न्यायालय परिसर की रिकॉर्डिंग और अस्पताल के मेडिकल दस्तावेज तत्काल सुरक्षित रखने को कहा है. साथ ही स्वतंत्र मेडिकल बोर्ड से अभिषेक की जांच कराने और पुलिस अधिकारियों की अनुपस्थिति में उनका बयान दर्ज करने की मांग की है.
दोषी पुलिसकर्मियों को बचाने की कोशिश बर्दाश्त नहीं
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि पुलिस हिरासत में किसी व्यक्ति की सुरक्षा की जिम्मेदारी पुलिस की होती है. यदि वर्दी की आड़ में यातना देने के आरोप सही साबित होते हैं, तो दोषियों को किसी भी कीमत पर बचाया नहीं जाना चाहिए. हाईकोर्ट और मानवाधिकार आयोग की निगरानी में जांच हो तथा जिम्मेदार अधिकारियों पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए. मरांडी ने साफ कहा कि कानून से ऊपर कोई पुलिस अधिकारी नहीं है.

