Search

 
 
 

योगी आदित्यनाथ से नाराज बिहार के बीजेपी विधायक ने दी इस्तीफे की धमकी, जानें वजह

 

Patna: यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ से खफा बिहार के बीजेपी विधायक विनय बिहारी ने इस्तीफे की धमकी दी है. उन्होंने इस बाबत डिप्टी सीएम रेणु देवी को चिट्ठी भी लिख दी है. विनय पश्चिमी चंपारण के लौरिया विधानसभा सीट से विधायक हैं. अपनी चिट्ठी में विधायक ने लिखा है कि जब उनके क्षेत्र की जनता ही तबाह हो जाएगी तो वह विधायक रहकर क्या करेंगे.

योगी से क्यों नाराज हैं विधायक विनय बिहारी

विधायक विनय बिहारी का क्षेत्र उत्तर प्रदेश की सीमा से सटा हुआ है. उत्तर प्रदेश की सरकार रोहुआ नदी को गंडक से जोड़ने के लिए चैनल का निर्माण करा रही है. गंडक नदी का एक किनारा बिहार के लौरिया से लगता है तो दूसरा किनारा उत्तर प्रदेश से. बीच में दियारा इलाका भी है.गंडक नदी के कटाव औऱ बाढ़ के कारण उत्तर प्रदेश के कई गांवों में हर साल नदी से तबाही आती है. ऐसे में उत्तर प्रदेश सरकार गंडक दियारे में मृतप्राय छाड़न नदी में पायलट चैनल का निर्माण करा रही है. इस पायलट चैनल के निर्माण के बाद गंडक नदी की धारा यूपी सीमा से सटकर बहने के बजाय बिहार की ओर आकर बहेगी.

पश्चिम चंपारण के लोगों को सता रहा डर

अब बिहार के पश्चिम चंपारण के लोगों को इसका डर सता रहा है कि पायलट चैनल के निर्माण के बाद जिस तबाही से अभी यूपी के सीमावर्ती गांवों के लोग जूझ रहे हैं, वही तबाही अब बिहार के लोगों को झेलनी पड़ेगी. लिहाजा पायलट चैनल के निर्माण को लेकर गंडक किनारे बसे बिहार के गावों के लोग गोलबंद होने लगे हैं. जिन इलाकों में तबाही मचने की आशंका है. उनमें ज्यादातर लौरिया विधानसभा क्षेत्र के लोग हैं. विधायक भी इसलिए ही नाराज हैं.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही