Sports News: बिहार स्टेट साइक्लिंग एसोसिएशन के तत्वावधान में 26 और 27 सितंबर को मुंगेर में अस्मिता खेलो इंडिया महिला रोड साइक्लिंग स्टेट लीग आयोजिति होने जा रहा है. इस दो दिवसीय प्रतियोगिता में बिहार के अलग-अलग जिलों से 500 से अधिक महिला साइक्लिस्ट के हिस्सा लेने की उम्मीद है. इस राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में नालंदा जिले से करीब 40 बालिका खिलाड़ी शामिल होंगी.
इसे भी पढ़ें:
नालंदा की टीम 25 सितंबर को नालंदा जिला साइक्लिंग एसोसिएशन के नेतृत्व में मुंगेर के लिए रवाना होगी. आयोजकों की ओर से खिलाड़ियों के ठहरने और भोजन की व्यवस्था की गई है. प्रतियोगिता के समापन के बाद टीम 27 सितंबर को नालंदा लौटेगी.
नालंदा जिला साइक्लिंग एसोसिएशन के सचिव प्रमोद कुमार ने बताया कि नालंदा की बेटियां लगातार राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन कर रही हैं. जिले की कई प्रतिभाशाली बालिकाओं को सरकार की सक्षम योजना के तहत तीन लाख रुपये तक की प्रोत्साहन राशि भी मिल चुकी है.
एसोसिएशन के अध्यक्ष अनिल कुमार पांडेय ने कहा कि जिले के ग्रामीण और शहरी इलाकों में छिपी प्रतिभाओं को आगे लाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं. वहीं, कोच कुंदन कुमार पांडेय ने कहा कि जमीनी स्तर की प्रतिभाओं को तराशने का अभियान आगे भी जारी रहेगा.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

