Search

बिहार की प्रसिद्ध मिठाइयों को मिलेगा GI टैग, विधानसभा में उठा मुद्दा

Patna: बिहार विधानसभा में सोमवार को एक अलग ही नजारा देखने को मिला. समान्यत: विधानसभा में राज्य के नीतिगत मुद्दों पर चर्चाएं होती है. लेकिन छुट्टी के बाद आज सोमवार को मिला जुला माहौल रहा, जिसमें तीखी बहस की जगह क्षेत्रीय पहचान दिलाने पर चर्चाएं हुई. दरअसल आज चर्चा का विषय था- बिहार की प्रसिद्ध मिठाइयों को GI (Geographical Indication) टैग दिलाने की मांग.

सदन में चर्चा की शुरुआत करते हुए, बाढ़ विधानसभा क्षेत्र से विधायक डॉ. सियाराम सिंह ने अपने क्षेत्र की प्रसिद्ध “खोभिया लाई” का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि यह मिठाई अपनी खास पहचान रखती है और इसे GI टैग मिलना चाहिए. उन्होंने बताया कि यह मिठाई स्थानीय स्तर के साथ पूरे राज्य में लोकप्रिय है. और इसे इसकी विशिष्टता को राष्ट्रीय पहचान मिलनी चाहिए.

 

इस पर ऊर्जा विभाग के मंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव ने कहा कि यह विषय कृषि विभाग से जुड़ा है और संबंधित विभाग ही इस पर आगे की कार्रवाई कर सकता है. वहीं, उद्योग विभाग के मंत्री दिलीप जायसवाल इस विषय पर कहा कि इसके लिए प्रक्रिया की जा रही है. उन्होंने बताया कि इससे पहले कई उत्पाद को बिहार सरकार ने जीआई टैग दिलाई है.


उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने इस मुद्दे पर कहा कि यदि बाढ़ की लाई को GI टैग देने की बात हो रही है, तो बड़हिया के रसगुल्ले को भी यह सम्मान मिलना चाहिए. उन्होंने कहा कि बड़हिया का रसगुल्ला भी काफी प्रसिद्ध है और उसकी भी अपनी अलग पहचान है. इसके बाद सदन में अलग-अलग क्षेत्रों के विधायकों ने अपने-अपने इलाके की प्रसिद्ध मिठाइयों का जिक्र करते हुए, उन्हें GI टैग दिलाने की मांग की. जिसमें लड्डू से लेकर रसकदम, अनारसा, तिलकुट, दही सहित कई मिठाइयों का जिक्र हुआ. 


इस दौरान उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने मजाकिया अंदाज में सुझाव दिया कि एक दिन विधानसभा में बिहार की सभी प्रसिद्ध मिठाइयों की प्रदर्शनी लगा दी जाए. इससे विधायकों को अलग-अलग क्षेत्रों की मिठाइयों का स्वाद चखने का मौका मिलेगा. साथ ही राज्य की सांस्कृतिक और खाद्य विविधता भी सामने आएगी. 

 


डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने कहा कि चलते सत्र में वंसत उत्सव होता है तो इसी दौरान इसी भी करवा दिया जाए. जिसके बाद स्पीकर ने कहा कि 25 तारीख को ऐसा करवाने का प्रयास करते हैं. सदन में स्थानीय विशेषता से भरी मिठाइयों की चर्चा ने जरूर संदेश दिया कि विधायक अपने क्षेत्र की मिठाइयों को पहचान दिलाने के लिए सजग है.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

 

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp