Ranchi : नगर निगम अब शहर के गीले कचरे से हरित ऊर्जा यानी बायोगैस बनाने की तैयारी में जुट गया है. इसके लिए निगम कूड़ा अलग-अलग जमा करने को लेकर बड़ा अभियान चलाने की तैयारी कर रहा है. नगर आयुक्त की अध्यक्षता में ऑनलाइन बैठक हुई, जिसमें निगम अधिकारियों के साथ गेल इंडिया, स्वच्छता कॉरपोरेशन और दूसरी एजेंसियों के प्रतिनिधि शामिल हुए.
इस मौके पर नगर आयुक्त ने कहा कि शहर में निकलने वाले गीले कचरे को सही तरीके से अलग करना आवश्यक है. इससे बायोगैस प्लांट को अच्छा ऑर्गेनिक कचरा मिलेगा और उससे ऊर्जा बनाई जा सकेगी. उन्होंने कहा कि अब कूड़ा अलग करने का काम सिर्फ निगम तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसे लोगों की भागीदारी वाला अभियान बनाया जाएगा. यानी आम लोगों को भी इसमें शामिल किया जाएगा.
20 वार्डों में पहले शुरू होगा अभियान
नगर निगम ने पहले चरण में करीब 20 वार्डों को चुना है, जहां घर-घर जाकर गीला और सूखा कचरा अलग-अलग इकट्ठा किया जाएगा. अगर यह अभियान सफल रहा तो बाद में इसे पूरे शहर में लागू करने पर विचार कर सकता है. नगर आयुक्त ने कहा कि डोर-टू-डोर कचरा उठाने के दौरान गीले और सूखे कचरे को मिलाया नहीं जाए. अगर कहीं मिश्रित कचरा मिला तो उसे एमआरएफ सेंटर में प्रोसेस भी नहीं किया जाएगा.
एमआरएफ सेंटरों की होगी निगरानी
गेल इंडिया, CEID और पीएमसी की संयुक्त टीम शहर के एमआरएफ सेंटरों का निरीक्षण करेगी. टीम यह देखेगी कि कचरा सही तरीके से अलग हो रहा है या नहीं और बायोगैस प्लांट तक बेहतर ऑर्गेनिक कचरा पहुंच रहा है या नहीं.
नगर निगम शहर में जागरूकता अभियान भी चलाएगा. अपार्टमेंट, कॉलोनी और आवासीय इलाकों में लोगों को बताया जाएगा कि गीला और सूखा कचरा अलग रखना क्यों जरूरी है. नगर निगम ने लोगों से अपील की है कि वे कचरा अलग-अलग रखें, ताकि शहर साफ रहे और गीले कचरे से ऊर्जा भी बनाई जा सके.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.


Leave a Comment