Search

 
 
 

बिसलेरी ने दी सफाई, पानी को पूरी तरह सुरक्षित बताया, FSSAI से नोटिस नहीं मिलने का दावा

Lagatar Desk :  पानी की गुणवत्ता को लेकर उठ रहे सवालों और FSSAI की कार्रवाई की खबरों के बीच देश के सबसे बड़े पैकेज्ड वॉटर ब्रांड बिसलेरी ने अपना पक्ष साफ किया है. कंपनी ने अपने पानी को पूरी तरह सुरक्षित बताते हुए इसे करीब 14 महीने पुराना मामला बताया है. बिसलेरी का दावा है कि उसका हर बूंद पानी 10 चरणों और 90 से ज्यादा कड़े क्वालिटी चेक से गुजरने के बाद ही ग्राहकों तक पहुंचता है.
 
बिसलेरी

Lagatar Desk :  बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड ने पानी की सुरक्षा को लेकर विवाद बढ़ने के बाद अपना पक्ष रखा है. कंपनी ने इसे 14 महीने पुराना मामला बताया है और दावा किया है कि उनका पानी पीने के लिए पूरी तरह सुरक्षित है. बिसलेरी का कहना है कि पीने के पानी की सुरक्षा उसकी सबसे बड़ी प्राथमिकता है. 

 

कंपनी के मुताबिक, उसकी मैन्युफैक्चरिंग प्रक्रिया में 10 चरणों के दौरान 90 से अधिक गुणवत्ता जांच की जाती है. कंपनी ने इस मामले में उचित नियामक प्रक्रिया के तहत FSSAI के साथ सहयोग जारी रखने की बात कही है. (इसे भी पढ़ें...बिसलेरी में कैंसर पैदा करने वाले तत्व मिले, FSSAI ने मुकदमा चलाने की मंजूरी दी, अन्य 6 कंपनियों पर भी गिरी गाज)

 

 

 

बिसलेरी ने प्रेस बयान जारी कर कहा कि कंपनी को हाल ही में आई मीडिया रिपोर्टों की जानकारी है, जिनमें कहा गया है कि भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने बिसलेरी को एक नोटिस जारी किया है. कंपनी ने बताया कि यह मामला लगभग 14 महीने पुराना है और सितंबर 2025 में बिस्लेरी की गोवा स्थित निर्माण इकाई (मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी) में तैयार किए गए एक बैच से जुड़ा है. यह यूनिट कंपनी के नेटवर्क में शामिल 143 प्लांट में से एक है. 

बिसलेरी के अनुसार, 30 सितंबर 2025 को FSSAI ने गोवा प्लांट से पानी के छह सैंपल लिए थे.  शुरुआती जांच में पांच सैंपल सभी निर्धारित मानकों पर खरे उतरे. वहीं, छठे सैंपल में ब्रोमेट की मात्रा 12 माइक्रोग्राम प्रति लीटर पाई गई. जबकि इसकी तय सीमा 10 माइक्रोग्राम प्रति लीटर है. इसके बाद कंपनी ने 22 नवंबर 2025 को जांच रिपोर्ट के खिलाफ अपील की. कंपनी के मुताबिक, FSSAI ने दोबारा जांच के लिए उस सैंपल को रेफरल लैबोरेटरी भेजा.

 

Uploaded Image

 

रेफरल लैबोरेटरी की जांच में सैंपल में ब्रोमेट की मात्रा निर्धारित सीमा के भीतर पाई गई. हालांकि लैब ने अलग से सैंपल में पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAHs) की मौजूदगी की बात कही. कंपनी का कहना है कि दोनों जांच रिपोर्ट के नतीजों में अंतर होने के कारण इस मामले में स्पष्टीकरण की जरूरत थी.

 

बिसलेरी ने उसी सैंपल की जांच FSSAI से मान्यता प्राप्त एक स्वतंत्र लैब में भी कराई. कंपनी के अनुसार, इस जांच में भी ब्रोमेट की मात्रा निर्धारित सीमा के भीतर पाई गई. कंपनी ने बताया कि स्वतंत्र लैब की जांच रिपोर्ट 2 फरवरी 2026 को एक औपचारिक पत्र के साथ FSSAI के पश्चिमी क्षेत्रीय कार्यालय को भेजी गई थी. बिसलेरी का दावा है कि इसके बाद उसे FSSAI की ओर से कोई और सूचना नहीं मिली और कंपनी ने समझा कि मामला बंद हो गया है. 

 

बिसलेरी के मुताबिक, अब तक उसे ईमेल या किसी अन्य माध्यम से कोई नोटिस नहीं मिला है. साथ ही, कंपनी को FSSAI की वेबसाइट पर भी इस मामले से जुड़ा नोटिस नहीं मिला है. कंपनी ने भरोसा दिलाया है कि वह 10 चरणों में 90 से अधिक गुणवत्ता जांच करती है और इस मामले में FSSAI के साथ पूरा सहयोग करेगीय

 

अधिक ब्रोमेट सेहत के लिए खतरनाक

विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) और FSSAI के नियमों के अनुसार, पीने के पानी में ब्रोमेट की सुरक्षित सीमा 10 माइक्रोग्राम प्रति लीटर (0.01 मिलीग्राम/लीटर) है.  हेल्थ एक्सपर्ट्स के मुताबिक, तय सीमा से अधिक ब्रोमेट वाले पानी के लगातार सेवन से शरीर को गंभीर नुकसान हो सकते हैं.  इससे किडनी (गुर्दे) को नुकसान पहुंच सकता है. वहीं पाचन तंत्र से जुड़ी गंभीर बीमारियां हो सकती हैं. इसे संभावित कैंसरकारी तत्व माना जाता है यानी लंबे समय तक इसके सेवन से कैंसर का खतरा बढ़ सकता है. 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही