Ranchi News : बिरला प्रौद्योगिकी संस्थान (बीआईटी) मेसरा की फॉर्मूला स्टूडेंट ‘टीम सृजन’ राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित प्रतियोगिता ‘सुप्रा एसएई इंडिया 2026’ में हिस्सा लेने के लिए पूरी तरह तैयार है. प्रतियोगिता में देशभर के इंजीनियरिंग छात्र फॉर्मूला-स्टाइल रेसिंग कारों को डिजाइन करने, निर्माण करने और ट्रैक पर रेस कराने की अपनी तकनीकी क्षमता का प्रदर्शन करते हैं.
झारखंड की सबसे पहली और पुरानी फॉर्मूला स्टूडेंट टीम होने का गौरव रखने वाली टीम सृजन ने इस वर्ष ‘फीनिक्स’ नाम की नई फॉर्मूला रेसिंग कार तैयार की है. इस कार को तैयार करने में टीम के सदस्यों ने करीब एक साल तक लगातार मेहनत की.
डिजाइन से लेकर निर्माण और परीक्षण तक टीम ने कई तकनीकी चुनौतियों पर काम करते हुए कार को प्रतियोगिता के लिए तैयार किया है.टीवीएस, ऑब्जेक्टिफाई, बीआईटी मेसरा, कुंदन लाल एंड संस, पीवीयूएन और एसएन कर्व इंडस्ट्रीज के सहयोग से तैयार की गई ‘फीनिक्स’ अब रेसिंग ट्रैक पर अपनी क्षमता दिखाने के लिए तैयार है. टीम 2 सितंबर 2026 से नोएडा स्थित बुद्ध इंटरनेशनल सर्किट में आयोजित होने वाली प्रतियोगिता में हिस्सा लेगी.
इस उपलब्धि पर संस्थान के रजिस्ट्रार डॉ. राजेश जैन, डीन (छात्र मामले) डॉ. प्रवीण श्रीवास्तव और एसोसिएट डीन डॉ. डी.के. उपाध्याय ने टीम के कैप्टन प्रांशु सहित पूरी टीम को बधाई दी. उन्होंने प्रतियोगिता में टीम के शानदार प्रदर्शन की कामना करते हुए सदस्यों का उत्साहवर्धन किया.

