Gumla News: भारतीय जनता पार्टी की ओर से रायडीह प्रखंड मुख्यालय स्थित बख्तर साय मुंडल सिंह चौक के समीप राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस मनाया गया. कार्यक्रम के दौरान जनजातीय समाज के महापुरुषों एवं स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को याद करते हुए उनके संघर्ष और बलिदान को नमन किया गया.
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गुमला जिला परिषद अध्यक्ष किरण माला बाड़ा ने कहा कि यह पूरे झारखंड के लिए गौरव की बात है कि भगवान बिरसा मुंडा की जयंती 15 नवंबर को राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस के रूप में घोषित किया गया है.
इसे भी पढ़ें:
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस के माध्यम से देशभर में जनजातीय समाज के महानायकों, स्वतंत्रता सेनानियों और उनके योगदान को सम्मान देने का अवसर मिलता है. जनजातीय समाज की समृद्ध परंपरा, संस्कृति और विरासत को संरक्षित करने के साथ नई पीढ़ी को अपने महापुरुषों के संघर्ष और इतिहास से परिचित कराना भी जरूरी है.
भाजपा की ओर से राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस पखवाड़ा मनाया जा रहा है. इसके तहत विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित कर जनजातीय समाज के महापुरुषों के योगदान को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है. कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि बिरसा मुंडा सहित बख्तर साय मुंडल सिंह जैसे वीरों का संघर्ष आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है.
कार्यक्रम में पूर्व विधायक कमलेश उरांव, पूर्व विधायक शिवशंकर उरांव, भाजपा जिलाध्यक्ष सागर उरांव, प्रदेश उपाध्यक्ष मुनेश्वर साहू, नगर परिषद अध्यक्ष शकुंतला उरांव, रामावतार भगत, गौरी किंडो सहित भाजपा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

