Dhanbad News: भाजपा कार्यकर्ताओं ने रणधीर वर्मा चौक पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी के कथित देश विरोधी बयानों और कांग्रेस की राजनीति के खिलाफ शुक्रवार को जोरदार प्रदर्शन करते हुए राहुल गांधी का पुतला दहन किया और कांग्रेस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. प्रदर्शन में धनबाद विधायक राज सिन्हा, भाजपा जिलाध्यक्ष श्रवण राय समेत दर्जनों कार्यकर्ता शामिल हुए.
इस दौरान विधायक राज सिन्हा ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर देश का माहौल बिगाड़ने तथा अराजकता फैलाने की कोशिश करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के एक मंत्री देश को बांग्लादेश और नेपाल जैसा बनाने की बात कर रहे हैं लेकिन राहुल गांधी अपने ही राज्य के मंत्री के बयान पर नियंत्रण नहीं रख पा रहे हैं.
इसे भी पढ़ें:
राज सिन्हा ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी बाहरी शक्तियों के सहारे देश में अस्थिरता पैदा करने का प्रयास कर रहे हैं. देश की संवैधानिक संस्थाओं और जांच एजेंसियों के खिलाफ बयान देकर देश की छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की जा रही है.
उन्होंने कहा कि देश का युवा जागरूक, समझदार और संयमित है.वह नेताओं की बयानबाजी और भड़काऊ राजनीति से गुमराह होने वाला नहीं है. भाजपा कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी का पुतला दहन कर कांग्रेस की कथित देश विरोधी राजनीति के खिलाफ अपना आक्रोश जताया.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

