Search

झारखंड में धूमधाम से मना भाजपा का स्थापना दिवस, नेताओं ने कांग्रेस पर साधा निशाना

Ranchi: भारतीय जनता पार्टी का 47वां स्थापना दिवस पूरे झारखंड में उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया. प्रदेश कार्यालय रांची में मुख्य कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए. इस मौके पर राज्यभर में कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने घरों और कार्यालयों पर पार्टी का ध्वज फहराया.

 

कार्यक्रम की शुरुआत पंडित दीनदयाल उपाध्याय और श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण और वंदे मातरम गाकर की गई. इसके बाद मंच पर मौजूद नेताओं को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया.

 

प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं और विचारधारा पर आधारित पार्टी है. उन्होंने कहा कि पार्टी की आज की सफलता करोड़ों कार्यकर्ताओं की मेहनत और तपस्या का परिणाम है. उन्होंने कहा कि कभी भाजपा को दो सीट मिलने पर कांग्रेस हंसती थी, लेकिन आज हालात ऐसे हैं कि कांग्रेस की स्थिति पर दुनिया सवाल उठा रही है. उन्होंने कहा कि भाजपा राष्ट्रहित के लिए राजनीति करती है, जबकि कांग्रेस स्वार्थ की राजनीति करती रही है.

 

आदित्य साहू ने कहा कि जनसंघ के समय से जो सपना देखा गया था, वह अब साकार होता दिख रहा है. अटल बिहारी वाजपेयी से लेकर नरेंद्र मोदी तक की सरकारों ने अंत्योदय के लक्ष्य को आगे बढ़ाया है. उन्होंने कहा कि पार्टी आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की दिशा में काम कर रही है और जनता का समर्थन लगातार मिल रहा है.

 

नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि भाजपा देश और समाज के लिए राजनीति करती है. उन्होंने कहा कि समर्पित कार्यकर्ताओं की मेहनत से ही पार्टी इस मुकाम तक पहुंची है. उन्होंने जनसंघ से भाजपा तक की यात्रा को प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि यह भारत को विश्वगुरु बनाने की दिशा में आगे बढ़ने की यात्रा है. उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार ने परमाणु परीक्षण जैसे बड़े फैसले लिए और वर्तमान में नरेंद्र मोदी सरकार में राम मंदिर निर्माण और धारा 370 हटाने जैसे लंबे समय से लंबित मुद्दों को पूरा किया गया है.

 

संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि जनसंघ की शुरुआत सीमित लोगों से हुई थी, लेकिन आज भाजपा देश की सबसे बड़ी राजनीतिक ताकत बन चुकी है. उन्होंने कहा कि पार्टी में सभी कार्यकर्ता समान हैं और संगठन ही उसकी सबसे बड़ी शक्ति है. उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से विचारधारा के प्रति समर्पित रहने और संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया.

 

कार्यक्रम में यदुनाथ पांडेय, सूर्यमणि सिंह, मधु साहू समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने भी संबोधित किया. कार्यक्रम का संचालन योगेंद्र प्रताप सिंह ने किया. इस मौके पर राकेश प्रसाद, बालमुकुंद सहाय, भानु प्रताप शाही, शैलेन्द्र सिंह, अमरदीप यादव, सुनीता सिंह, शालिनी बौशखियार, दीपक बंका, हेमंत दास, सूरज चौरसिया, कमाल खां, प्रेम मित्तल, आरती कुजूर, प्रतुल शाहदेव, अमित मंडल, राफिया नाज, शोभा यादव, रमेश सिंह, संदीप वर्मा, सुरेश साव, अनामिका जूही और मनोज दूबे सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे.

 

राज्यभर में पार्टी नेताओं ने अपने-अपने आवास और जिला कार्यालयों पर ध्वजारोहण किया. आदित्य साहू ने अपने आवास पर, बाबूलाल मरांडी ने अपने निवास पर, नागेन्द्र नाथ त्रिपाठी ने देवघर में, रघुवर दास और अर्जुन मुंडा ने जमशेदपुर में और मधु कोड़ा ने चाईबासा में पार्टी का झंडा फहराया. स्थापना दिवस के अवसर पर 5 से 12 अप्रैल तक राज्यभर में मंडल, प्रखंड और जिला स्तर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp