Ranchi News : झारखंड के 24 जिलों के रक्तदाता, रक्तदान संगठन और रक्तदान कार्यक्रम आयोजित करने वाले लोग 27 सितंबर को रांची में जुटेंगे. केन होटल, मेन रोड में झारखंड राज्यस्तरीय बैठक आयोजित की जाएगी.
बैठक में राज्य की मौजूदा रक्तदान व्यवस्था, रक्त की उपलब्धता और रक्त विकार से जुड़ी बीमारियों के मरीजों की समस्याओं पर चर्चा होगी. साथ ही स्वैच्छिक रक्तदान को बढ़ावा देने और रक्तदान व्यवस्था को बेहतर बनाने के उपायों पर भी विचार किया जाएगा.
झारखंड राज्य स्वैच्छिक रक्तदान संगठन कॉर्डिनेशन कमेटी के नेतृत्व में होने वाली इस बैठक में करीब 150 सक्रिय रक्तदान आयोजकों और संगठनों के शामिल होने की बात कही गई है. बैठक में रक्त विकार से पीड़ित मरीजों और उनके परिजनों के अलावा सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोग भी शामिल होंगे.
बैठक में रक्तदान को लेकर सरकारी नीति, उसके व्यवहारिक क्रियान्वयन, रक्त की उपलब्धता और मरीजों को होने वाली परेशानियों पर चर्चा की जाएगी. इसके साथ ही व्यवस्था में सुधार के लिए सुझाव तैयार करने और आगे की दिशा तय करने पर भी मंथन होगा.
बैठक की सूचना झारखंड राज्य स्वैच्छिक रक्तदान संगठन कॉर्डिनेशन कमेटी की ओर से जारी की गई है. इसे राज्य संयोजक रक्तवीर नदीम खान, रक्तवीर सपन कुमार महतो और रक्तवीर सूरज झंडाई ने जारी किया है.

