Ranchi News: झारखंड में जरूरतमंद मरीजों को अब एक कॉल पर 4 घंटे के अंदर ब्लड उपलब्ध कराने की तैयारी है. इसके लिए स्वास्थ्य विभाग और एमएस साइंस कंपनी के बीच बुधवार को एमओयू हुआ. नई व्यवस्था को अगले 90 दिनों में शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है.
इसे भी पढ़ें:
इसके लिए रांची में कमांड सेंटर बनाया जाएगा. मरीजों के लिए टोल फ्री नंबर जारी होगा. कॉल मिलने के बाद ब्लड कलेक्शन, जांच, स्टोरेज और अस्पताल तक ब्लड पहुंचाने की जिम्मेदारी एजेंसी की होगी.
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि इस व्यवस्था से मरीजों को समय पर सुरक्षित ब्लड मिल सकेगा. उन्होंने कहा कि बिना जांच किए किसी मरीज को ब्लड नहीं दिया जाना चाहिए. सरकार का लक्ष्य मरीजों को सुरक्षित और समय पर ब्लड उपलब्ध कराना है.
अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों के अलावा NCC, NSS, पुलिस बल और निजी रक्तदान शिविरों के जरिए भी ब्लड कलेक्शन किया जाएगा. इसके लिए लोगों को रक्तदान के लिए जागरूक किया जाएगा.
NHM अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा ने बताया कि एजेंसी खुद रक्तदान शिविर आयोजित करेगी. स्वास्थ्य विभाग की ओर से तकनीकी सहयोग दिया जाएगा, जबकि मानव संसाधन और दूसरी व्यवस्थाएं एजेंसी संभालेगी. कंपनी को प्रति यूनिट ब्लड के आधार पर भुगतान किया जाएगा.
इस व्यवस्था का उद्देश्य सरकारी और निजी अस्पतालों में ब्लड की उपलब्धता बढ़ाना और खून की कमी के कारण मरीजों को होने वाली परेशानी कम करना है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

