Chatra News: प्रतापपुर थाना क्षेत्र में छह दिनों से लापता आठ वर्षीय बच्ची का शव शुक्रवार को अनंतपुर बंदोहरी गांव के समीप धान के खेत से बरामद किया गया. शव मिलने की खबर फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गयी. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
इसे भी पढ़ें:
जानकारी के अनुसार बच्ची आठ नवंबर को दीपावली की रात घर से दीप जलाने के लिए निकली थी. इसके बाद वह वापस नहीं लौटी. परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला. इसके बाद प्रतापपुर थाना में आवेदन देकर बच्ची की गुमशुदगी की सूचना दी गयी थी. शुक्रवार को ग्रामीणों ने धान के खेत में शव पड़े होने की सूचना दी. इसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान की.
शव मिलने की सूचना पाकर थाना प्रभारी आलोक रंजन चौधरी दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल चतरा भेज दिया. परिजनों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है. थाना प्रभारी आलोक रंजन चौधरी ने बताया कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच की जा रही है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

