Bokaro News : जिले के माराफारी थाना क्षेत्र में 17-18 अक्टूबर की रात हुई हत्या मामले को पुलिस ने सुलझा लिया है. पुलिस की विशेष जांच टीम (SIT) ने तकनीकी साक्ष्यों, डॉग स्क्वॉड और जांच के आधार पर मुख्य आरोपी सूरज कुमार उर्फ भूरा को गिरफ्तार किया है.
इसे भी पढ़ें
जानकारी के अनुसार, 17-18 अक्टूबर की रात बीएसएल झोपड़ी कॉलोनी के डोमपाड़ा के नीचे खाली जगह से एक युवक का शव बरामद हुआ था. मृतक की पहचान झोपड़ी कॉलोनी निवासी अमित कुमार के रूप में हुई थी.
डीएसपी पवन कुमार के अनुसार, मामले में माराफारी थाना में कांड संख्या 85/2026 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की. पुलिस जांच और परिजनों के बयान के अनुसार, हत्या की वजह शराब पीने के लिए पैसे मांगने को लेकर हुआ विवाद था.
बताया जाता है कि आरोपी सूरज कुमार ने शराब के लिए पैसे की मांग की थी. पैसे नहीं मिलने पर उसने अमित कुमार की हत्या कर दी. जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से आरोपी का गमछा, चप्पल और अन्य सामान बरामद की. इन सामानों की पहचान आरोपी और उसके परिजनों ने की.
पुलिस के अनुसार, आरोपी का पहले से भी आपराधिक इतिहास रहा है. उसके खिलाफ माराफारी थाना में वर्ष 2019 में कांड संख्या 73/2019 और वर्ष 2022 में कांड संख्या 97/2022 दर्ज हैं. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर हत्याकांड का खुलासा किया और मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.

