Bokaro News : ओएनजीसी गोमिया क्षेत्र के साईट BK 11 (खुदगड्डा) स्थित स्टोर रूम में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं.
10 सितंबर को पहली घटना, 11 को थाने में दर्ज हुई स्टेशन डायरी
मामले की शुरुआत 10 सितंबर 2026 को हुई, जब टेस्टिंग सुपरवाइजर बीरजू कुमार ने स्टोर रूम से सामान गायब होने की सूचना कनिष्ठ अभियंता शुभम गुप्ता को दी. छानबीन के बाद भी सामान न मिलने पर 11 सितंबर को गोमिया थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई, जिस पर पुलिस ने स्टेशन डायरी (सनहा सं० 11/26, दिनांक 11/09/2026) दर्ज की.
गायब हुए सामान
लगभग 150 मीटर (3.5 Phase, 35 Sqmm) कॉपर केबल
350 मीटर (2.5 वर्ग मिमी, 3 चरण) IESP केबल
1 ग्राइंडर मशीन एवं 1 वेल्डिंग मशीन
2 परित्यक्त बैटरियां एवं परित्यक्त IESP सेंसर केबल
13 सितंबर की रात दोबारा ताला तोड़ घुसे चोर, गार्ड ने खदेड़ा
स्टेशन डायरी दर्ज होने के महज 48 घंटे बाद, 13 सितंबर 2026 की रात अपराधियों ने फिर उसी BK # 11 साइट के स्टोर रूम को निशाना बनाया. चोरों ने स्टोर रूम का मुख्य ताला तोड़ दिया और अंदर दाखिल होने ही वाले थे कि मौके पर तैनात सुरक्षा गार्ड की नजर उन पर पड़ गई. गार्ड ने बिना डरे मुस्तैदी दिखाई और शोर मचाया, जिससे घबराकर चोर अंधेरे का फायदा उठाते हुए बिना कोई सामान लिए मौके से फरार हो गए.
पुलिसिया कार्यशैली पर सवाल, अब तक सुराग विहीन जांच
घटना के इतने दिन बीत जाने और थाने में सनहा दर्ज होने के बावजूद गोमिया थाना पुलिस अब तक चोरों का कोई सुराग नहीं लगा पाई है. लगातार दो बार हुई वारदात और पुलिस के हाथ खाली रहने से ओएनजीसी प्रबंधन और स्थानीय कर्मचारियों में सुरक्षा को लेकर काफी चिंता है. प्रबंधन ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए BK # 11 साइट के आसपास रात्रिकालीन गश्ती बढ़ाई जाए और अपराधियों की त्वरित पहचान कर उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए.

