Bokaro News : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भाजपा की ओर से देशभर में सेवा ज्योति यात्रा और विकसित भारत संकल्प सभा का आयोजन किया जा रहा है.
कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश महामंत्री अमर बाउरी, पूर्व विधायक बिरंची नारायण, पूर्व विधायक योगेश्वर महतो बाटुल, भाजपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र राज समेत बड़ी संख्या में पार्टी के नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए.
कार्यक्रम के दौरान सेवा ज्योति प्रज्ज्वलित कर विकसित भारत के निर्माण का संकल्प लिया गया. साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का सीधा प्रसारण भी भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सुना.
भाजपा प्रदेश महामंत्री सह पूर्व मंत्री अमर कुमार बाउरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 25 वर्षों का सेवाकाल अभूतपूर्व रहा है. उन्होंने झारखंड की जनजातीय आबादी और गरीबों के कल्याण के लिए काम किया है.
अमर बाउरी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने देश के गरीबों को निराशा के भाव से निकालकर उनके अंदर उम्मीद की किरण जगाई है. 13 वर्षों तक गुजरात के मुख्यमंत्री और 12 वर्षों से देश के प्रधान सेवक के रूप में काम करते हुए नरेंद्र मोदी ने देश को विकसित भारत बनाने की दिशा में आगे बढ़ाया है.
वहीं पूर्व विधायक बिरंची नारायण ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल को देश के इतिहास में महत्वपूर्ण बताया. उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी इसी तरह देश की सेवा करते रहें, यही उनकी कामना है.

