Bokaro News : क्रान्तिकारी इस्पात मजदूर संघ (एचएमएस) से जुड़े ठेका मजदूरों की आमसभा बीएसएल की ब्लास्ट फर्नेस इकाई के सामने हुई. सभा को संबोधित करते हुए संघ के महामंत्री राजेन्द्र सिंह ने कहा कि बीएसएल प्रबंधन मजदूर विरोधी हो चुका है. संस्थान में चाहे नियमित मजदूर हों या ठेका मजदूर, सभी का शोषण चरम पर है.
इसे भी पढ़ें
उन्होंने कहा कि सहायक श्रमायुक्त के स्पष्ट निर्देश के बावजूद आज तक ब्लास्ट फर्नेस नंबर-1 में तीन मजदूरों का गेट पास नहीं बनाया गया. प्रबंधन की मंशा साफ है कि जो मजदूर पैसा वापस (कट मनी) करेगा, उसी का गेट पास बनेगा. जो कट मनी वापस नहीं करेगा उसे छंटनी की आड़ में धीरे-धीरे बाहर कर दिया जाएगा.
उन्होंने कहा कि जहां मजदूर एकताबद्ध हैं और यूनियन के साथ हैं, वहां किसी भी प्रकार की छंटनी नहीं होने दी है. कोक-ओवन, ब्लास्ट फर्नेस और यातायात विभाग में आज भी यूनियन के नेतृत्व में बिना किसी छंटनी के पुराने मजदूर सम्मान के साथ काम कर रहे हैं. एकता की शक्ति का ही परिणाम है कि कोक-ओवन में छंटनी तो दूर, न्यूनतम वेतन के अतिरिक्त 8% इंसेंटिव मिलता है.
राजेद्र सिंह ने सभी मजदूरों से एकजुट होने की अपील की. कहा कि यूनियन आपके लिए आखिरी दम तक लड़ाई लड़ेगी. यूनियन का रोडमैप तैयार है मजदूरों के हक के लिए अब आर-पार की लड़ाई होगी. सभा को आरके सिंह, शशिभूषण, संतोष कुमार, बासुदेव कुंभार, प्रमोद कुमार, अरुण भगत, शंकर विश्वकर्मा, देवेन्द्र कुमार ने भी संबोधित किया.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

