- एनएच-23 पर कोयला लदे ट्रक ने बाइक को चपेट में लिया
Bokaro News: पेटरवार थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-23 रामगढ़-बोकारो मुख्य मार्ग पर झामुमो प्रधान कार्यालय के समीप शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गया. हादसे में बीटीपीएस कर्मी 58 वर्षीय प्रकाश लोहार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. हादसे में बाइक पर सवार उनके भतीजे राहुल कुमार विश्वकर्मा बाल-बाल बच गए.
इसे भी पढ़ें:
मिली जानकारी के अनुसार, पिरूवाटांड निवासी प्रकाश लोहार अपनी बेटी से मिलने और छठ महापर्व की खरीदारी करने रांची गए थे. शुक्रवार को रांची से अपने भतीजे राहुल कुमार विश्वकर्मा के साथ बाइक से घर लौट रहे थे. इसी दौरान पेटरवार में सड़क पार करने के क्रम में पीछे से आ रहे कोयला लदे एलपी ट्रक (JH 02AV 0721) ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया.
टक्कर इतनी जोरदार थी कि प्रकाश लोहार की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर भागने लगा. ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए न्यू बस स्टैंड के पास ट्रक चालक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया.
घटना की सूचना मिलते ही पेटरवार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी. पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है. छठ महापर्व की तैयारियों के बीच हुए इस दर्दनाक हादसे से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है. क्षेत्र में भी शोक की लहर है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

