Search

 
 
 

Bokaro News : सीसीएल कथारा कोलियरी हादसा: तीन महिलाओं के शवों का चुपके से हो रहा था अंतिम संस्कार, पुलिस ने रुकवाया

Bokaro News: कथारा कोलियरी के स्टॉक यार्ड में सात ग्रामीण कोयला चुनने पहुंचे थे. इसी दौरान कोयले का विशाल ढेर अचानक धंस गया और सभी इसकी चपेट में आ गए. कोयले के मलबे में दबकर तीन महिलाओं की मौत हो गई
 
घटनास्थल पर जुटी भीड़ और पहुंची पुलिस.

Bokaro News : बोकारो जिला स्थित सीसीएल की कथारा कोलियरी में बुधवार देर रात हुए हादसे में तीन महिलाओं की मौत हो गई थी. हादसे के बाद शवों का आनन-फानन में अंतिम संस्कार करने की तैयारी की जा रही थी. इसकी सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और अंतिम संस्कार रुकवा दिया. पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

 

इसे भी पढ़ें


ज्ञात हो कि बुधवार देर रात दो से ढाई बजे के बीच कथारा कोलियरी के स्टॉक यार्ड में सात ग्रामीण कोयला चुनने पहुंचे थे. इसी दौरान कोयले का विशाल ढेर अचानक धंस गया और सभी इसकी चपेट में आ गए. कोयले के मलबे में दबकर तीन महिलाओं की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. मृतकों की पहचान पुष्पा देवी, कौशल्या देवी और हीरालाल की पत्नी के रूप में हुई है. घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बड़े अस्पताल रेफर किया गया है.


हादसे के बाद मृत महिलाओं के परिजन और ग्रामीण शवों को लेकर अंतिम संस्कार की तैयारी में जुट गए थे. इसी बीच पुलिस को इसकी जानकारी मिल गई. कथारा ओपी और बोकारो थर्मल पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और दाह संस्कार की प्रक्रिया तत्काल रुकवा दी. 


बताया जाता है कि हादसे के शिकार सभी लोग स्थानीय ग्रामीण थे, जो घरेलू उपयोग और जलावन के लिए कोयला चुनने स्टॉक यार्ड पहुंचे थे. इस हादसे ने एक बार फिर कोलियरी क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और सीसीएल प्रबंधन की जवाबदेही को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. आखिर स्टॉक यार्ड में ग्रामीणों की आवाजाही कैसे हो रही थी और कोयले के विशाल ढेर की सुरक्षा के क्या इंतजाम थे? फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है. हादसे के वास्तविक कारणों और सुरक्षा व्यवस्था में संभावित चूक को लेकर प्रशासनिक जांच पर भी लोगों की निगाहें टिकी हैं.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही