- कब्जा हटेगा, सड़क खुलेगी! फुसरो में अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन का बड़ा प्लान.
- सड़क पर कब्जा करने वालों को दो टूक चेतावनी, अस्थायी दुकानदारों को सब्जी मंडी में बसाने की तैयारी
Bokaro News : शहर की सड़कों और सार्वजनिक स्थलों पर बढ़ते अतिक्रमण को लेकर प्रशासन अब सख्त हो गई है. सड़क किनारे दुकान लगाकर आवागमन बाधित करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी गई है.
इसी क्रम में बेरमो सीओ संजित कुमार और फुसरो नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी राजीव रंजन ने फुसरो बाज़ार में अतिक्रमण प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लिया.निरीक्षण के दौरान सड़क किनारे अस्थायी दुकान लगाने वाले दुकानदारों को स्पष्ट चेतावनी दी गई कि सार्वजनिक सड़क और आवागमन की जगह पर कब्जा किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. प्रशासन ने दुकानदारों से अतिक्रमण हटाकर यातायात व्यवस्था सुचारू बनाने में सहयोग करने की अपील की.
दुकानदारों को राहत, सब्जी मंडी में मिलेगी जगह
प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने के साथ-साथ प्रभावित अस्थायी दुकानदारों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की पहल भी शुरू की है. दुकानदारों को फुसरो सब्जी मंडी में व्यवस्थित रूप से बसाने की तैयारी की जा रही है, ताकि उनका कारोबार भी चलता रहे और मुख्य सड़कों पर लगने वाले जाम से लोगों को राहत मिल सके.
अधिकारियों का कहना है कि निर्धारित स्थान पर दुकानें लगने से बाजार व्यवस्था बेहतर होगी, सड़कें सुगम होंगी और आम लोगों को आवागमन में परेशानी नहीं होगी.प्रशासन के निरीक्षण और चेतावनी के बाद अब सबकी नजर अगली कार्रवाई पर है.
सवाल यह है कि अतिक्रमण हटाने की मुहिम कब जमीन पर उतरेगी और कार्रवाई कितनी सख्ती से होगी?
फिलहाल प्रशासन के रुख से साफ है कि सड़क जनता के लिए है, कब्जे के लिए नहीं. आने वाले दिनों में फुसरो की सड़कों पर अतिक्रमण के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई देखने को मिल सकती है.

