Search

Bokaro News:  बकरीद पर DC-SP  ने कंट्रोल रूम का लिया जायजा

  • सीसीटीवी के माध्यम से जिले की गतिविधियों पर रखी नजर
  • पदाधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने का दिया निर्देश

Bokaro : बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण व विधि-व्यवस्था के अनुरूप संपन्न कराने को लेकर उपायुक्त अजय नाथ झा व पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीना ने गुरुवार को कंपोजिट कंट्रोल रूम सहित रीतुडीह-सीवनडीह स्थित मिनी कंट्रोल रूम का संयुक्त निरीक्षण किया.

 

Uploaded Image


निरीक्षण के दौरान उपायुक्त व पुलिस अधीक्षक ने प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी व पुलिस पदाधिकारियों से क्षेत्र की विधि-व्यवस्था, संवेदनशील स्थलों व सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली.इस दौरान कंट्रोल रूम में लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से जिले के विभिन्न क्षेत्रों की गतिविधियों व विधि-व्यवस्था की स्थिति का भी जायजा लिया गया.

 

उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सजग व प्रतिबद्ध है. सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारी आपसी समन्वय व सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें. किसी भी सूचना पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए.

 

वहीं, पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीना ने कहा कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म व संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है. अफवाह फैलाने अथवा सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों को लगातार गश्ती व सतर्क निगरानी बनाए रखने का निर्देश दिया.

 

निरीक्षण के क्रम में कंट्रोल रूम की संचार व्यवस्था, सीसीटीवी मॉनिटरिंग सिस्टम, ड्यूटी रजिस्टर व त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली की भी समीक्षा की गई. सभी संबंधित अधिकारियों व कर्मियों को अलर्ट मोड में रहकर कार्य करने का निर्देश दिया. मौके पर उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार समेत अन्य उपस्थित थे.

 

 

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

बेहतर न्यूज़ अनुभव
ब्राउज़र में ही
//