Bokaro News: जिला प्रशासन की ओर से आमजनों की समस्याओं के त्वरित समाधान और प्रशासन तक सीधी पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंगलवार को लोक संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम में उपायुक्त अजय नाथ झा ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनीं. इस दौरान कुल 40 मामलों की सुनवाई हुई.
इसे भी पढ़ें:
लोक संवाद में लोगों ने भूमि विवाद, अतिक्रमण, सामाजिक सुरक्षा, आपूर्ति, शिक्षा, स्वास्थ्य और ग्रामीण विकास समेत विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याएं उपायुक्त के समक्ष रखीं. उपायुक्त ने सभी मामलों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को जांच कर नियमसंगत, त्वरित और समयबद्ध कार्रवाई करने का निर्देश दिया.
उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन आमजनों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है. लोक संवाद के माध्यम से लोगों को अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन के समक्ष रखने का अवसर मिल रहा है. उन्होंने शिकायतों के निष्पादन की प्रगति की नियमित निगरानी करने का भी निर्देश दिया.
कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, प्रशिक्षु आईएएस अरविंद राधाकृष्णन, प्रभारी पदाधिकारी जन शिकायत हेमलता बून, एडीडीएस सुचिता किरण, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

