- जिले में मैट्रिक के 58 और इंटर के 43 केंद्रों पर होगी परीक्षा
Bokaro News : बोकारो जिला प्रशासन ने अगले साल होने वाली मैट्रिक और इंटरमीडिएट परीक्षा-2027 (जैक बोर्ड) की तैयारी अभी से शुरू कर दी है. कदाचारमुक्त परीक्षा संपन्न कराने को लेकर बुधवार को डीसी अजय नाथ झा की अध्यक्षता में बैठक हुई. बैठक में परीक्षा केंद्रों के निर्धारण, आधारभूत सुविधाओं, सीसीटीवी निगरानी और परीक्षार्थियों की सुविधा से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई.
इसे भी पढ़ें
डीईओ ने बताया कि वर्ष 2027 की मैट्रिक परीक्षा में 20,811 परीक्षार्थी, जबकि इंटरमीडिएट परीक्षा में 22,182 परीक्षार्थी शामिल होंगे. जिले में मैट्रिक परीक्षा के लिए 58 और इंटर परीक्षा के लिए 43 केंद्रों के निर्धारण की अनुशंसा झारखंड अधिविद्य परिषद (जैक) को भेजी जाएगी. जैक के दिशा-निर्देशों के अनुरूप प्राथमिक एवं मध्य विद्यालयों को परीक्षा केंद्र के रूप में चयनित नहीं किया गया है. इस वर्ष तीन नए विद्यालयों को भी परीक्षा केंद्र के रूप में प्रस्तावित किया गया है.
डीसी ने कहा कि केवल परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि प्रत्येक परीक्षा कक्ष की सतत निगरानी भी जरूरी है. उन्होंने सीसीटीवी मॉनिटरिंग के लिए कर्मियों की ड्यूटी निर्धारित करने और सभी कैमरों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. ताकि आवश्यकता पड़ने पर उसकी जांच की जा सके.
उन्होंने सभी प्रस्तावित परीक्षा केंद्रों का भौतिक सत्यापन कर साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय, बैठने की समुचित व्यवस्था समेत अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. बैठक में शिक्षक संघ के प्रतिनिधियों व प्रधानाध्यापकों से सुझाव लिए गए. डीसी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों और विद्यालय प्रबंधन को समन्वय के साथ तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

